बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित मशहूर बंगले 'जलसा' को लेकर बच्चन परिवार में संपत्ति विवाद सामने आया है। अमिताभ बच्चन की पूर्व भाभी रमौला बच्चन ने साल 1993 में हुए उस गिफ्ट डीड को चुनौती दी है, जिसके जरिए बंगले का मालिकाना हक जया बच्चन के नाम ट्रांसफर किया गया था। रमौला का आरोप है कि यह संपत्ति पहले उनके नाम दर्ज थी और बिना उनकी जानकारी व सहमति के इसका हस्तांतरण किया गया। उन्होंने गिफ्ट डीड की वैधता और दस्तावेजों की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए हैं। मामला मुंबई के अंधेरी स्थित डिप्टी रजिस्ट्रार ऑफ को-ऑपरेटिव सोसाइटी के पास पहुंच गया है और सुनवाई शुरू हो चुकी है। फिलहाल संबंधित पक्षों से जवाब मांगा गया है। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक संपत्ति के मालिकाना हक या विवादित दस्तावेजों की वैधता पर कोई अंतिम फैसला नहीं सुनाया है।