एशियन गेम्स 2026 में भारतीय तीरंदाजों ने वह कर दिखाया, जो पहले कभी नहीं हुआ था। अंकिता भकत, कीर्ति शर्मा और कुमकुम मोहोड़ की भारतीय महिला रिकर्व टीम ने फाइनल में गत चैंपियन दक्षिण कोरिया को 5-3 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। एशियन गेम्स के इतिहास में महिला रिकर्व टीम स्पर्धा में यह भारत का पहला गोल्ड है।
इस जीत की अहमियत इसलिए और बढ़ जाती है, क्योंकि भारत इससे पहले कभी इस स्पर्धा के फाइनल तक भी नहीं पहुंचा था। दक्षिण कोरिया लगातार सात बार से यह खिताब जीतता आ रहा था, जिसका सिलसिला भारतीय तिकड़ी ने तोड़ दिया।
तेज हवा में भी नहीं डगमगाया निशाना
फाइनल के दौरान हवा काफी तेज थी, जिससे तीरंदाजों के लिए निशाना साधना मुश्किल हो रहा था। अनुभवी अंकिता भकत, कीर्ति शर्मा और सिर्फ 17 साल की कुमकुम मोहोड़ ने इन हालात में भी धैर्य बनाए रखा और निर्णायक मौकों पर सटीक तीर चलाए। किसान परिवार से आने वाली कीर्ति शर्मा की इस उपलब्धि पर उनके गांव में जश्न का माहौल है।



