अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कामकाज में नई जिम्मेदारियां तय की जा रही हैं। ट्रस्ट के नवनियुक्त सदस्य मदन मोहन पांडेय अब ट्रस्ट की वित्तीय व्यवस्था देखेंगे। उन्हें वित्तीय लेनदेन, बैंकिंग प्रक्रियाओं और लेखा संबंधी व्यवस्थाओं की निगरानी और समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है।
नए सदस्यों में काम का बंटवारा
ट्रस्ट में शामिल हुए नए सदस्यों के बीच कार्यों का बंटवारा कर उनकी जिम्मेदारियां स्पष्ट की जा रही हैं, ताकि मंदिर से जुड़े प्रशासनिक और वित्तीय काम सुचारू रूप से चल सकें। इससे पहले ट्रस्ट की वित्तीय व्यवस्थाओं में पूर्व सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा की प्रमुख भूमिका रही थी।
निगरानी तंत्र होगा मजबूत
हाल में राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी का मामला सामने आने के बाद ट्रस्ट निगरानी तंत्र को मजबूत करने पर जोर दे रहा है। वित्तीय लेनदेन और लेखा व्यवस्था पर अलग से जिम्मेदारी तय होने से दान और खर्च के हिसाब-किताब में पारदर्शिता बढ़ने की उम्मीद है।




