भारतीय मूल के न्यूजीलैंड के पूर्व सलामी बल्लेबाज जीत रावल ने 38 साल की उम्र में पेशेवर क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लिया है। गुजरात में जन्मे रावल ने 2016 से 2020 के बीच न्यूजीलैंड के लिए 24 टेस्ट मैच खेले, जिनमें 1,143 रन बनाए। घरेलू क्रिकेट में उनके नाम 10 हजार से ज्यादा फर्स्ट क्लास रन दर्ज हैं।
न्यूजीलैंड के पूर्व सलामी बल्लेबाज और भारतीय मूल के क्रिकेटर जीत रावल ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने का ऐलान किया है। 38 वर्षीय जीत रावल ने 2016 से 2020 के बीच न्यूजीलैंड के लिए 24 टेस्ट मैच खेले। क्रिकेट से विदाई के बाद अब वह एक ऑडिटिंग फर्म में चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) के तौर पर पूर्णकालिक काम करेंगे।
पार्थिव पटेल के साथ करते थे ओपनिंग
गुजरात में जन्मे जीत रावल का क्रिकेट सफर भारत से शुरू हुआ था। उन्होंने अहमदाबाद के विद्यानगर स्कूल में पूर्व भारतीय क्रिकेटर पार्थिव पटेल के साथ पढ़ाई की और स्कूल के दिनों में दोनों ओपनिंग बल्लेबाजी करते थे। बाद में उनका परिवार न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में बस गया। रावल ने 2008 में ऑकलैंड की ओर से अपना पहला फर्स्ट-क्लास मैच खेला और 2016 में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया। वह 2021 में भारत को हराकर विश्व टेस्ट चैंपियनशिप जीतने वाली न्यूजीलैंड टीम का हिस्सा भी रहे।
संन्यास पर कही दिल की बात
जीत रावल ने अपने संन्यास के फैसले को गर्व और संतुष्टि से भरा बताया। उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड के लिए खेलना उनका बचपन का सपना था। यह उनके पिता का भी सपना था, जो बेहतर भविष्य की उम्मीद में पूरे परिवार को न्यूजीलैंड लेकर आए थे, ताकि वह क्रिकेटर बनने का सपना पूरा कर सकें।
फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में 10 हजार से ज्यादा रन
जीत रावल न्यूजीलैंड के घरेलू क्रिकेट के भरोसेमंद ओपनिंग बल्लेबाजों में गिने जाते थे। उन्होंने 292 फर्स्ट-क्लास पारियों में 10,127 रन बनाए, जिसमें 23 शतक शामिल हैं। प्लंकेट शील्ड में उनके नाम 8,662 रन दर्ज हैं। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 24 मैचों की 39 पारियों में 30.07 की औसत से 1,143 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने एक शतक और सात अर्धशतक लगाए। अब क्रिकेट के मैदान से विदाई के बाद रावल अपने पेशेवर जीवन की नई पारी शुरू करेंगे।