बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 121 सीटों पर 64.66% मतदान हुआ. प्रधानमंत्री मोदी और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने NDA की बड़ी जीत का दावा किया है, जबकि प्रशांत किशोर ने इस बंपर वोटिंग को बदलाव का संकेत बताया. सभी प्रमुख दलों की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं. आइए जानते हैं किसने क्या कहा.

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान खत्म हो गया है. 18 जिलों की 121 सीटों पर रिकॉर्ड 64.66% वोटिंग हुई है, जो राज्य के चुनावी इतिहास में अब तक का सबसे ज्यादा मतदान है. इससे पहले साल 2000 में 62.57 फीसदी वोट पड़े थे. आज हुए मतदान को लेकरराज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने कहा कि कुछ स्थानों पर छिटपुट घटनाओं के अलावा वोटिंग शांतिपूर्ण रही. मतदाताओं में काफी उत्साह देखने को मिला. सुबह से ही पोलिंग बूथ पर पर लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं.
पहले चरण में जिन 121 सीटों पर वोटिंग हुई, उसमें कुल मतदाताओं की संख्या 3.75 करोड़ से ज्यादा है. तेजस्वी यादव, सम्राट चौधरी, तेज प्रताप यादव, मैथिली ठाकुर और अनंत सिंह जैसे दिग्गज नेताओं और मौजूदा सरकार के 16 मंत्रियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई. इस चरण में कुल 1314 उम्मीदवार मैदान में थे.







