अयोध्या जिले के बीकापुर ब्लॉक परिसर में करीब छह महीने से सड़क का निर्माण अधूरा पड़ा है। ठेकेदार काम बीच में छोड़कर चला गया है, जिससे ब्लॉक प्रमुख, कर्मचारी और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नाराज हैं। अधूरी सड़क के कारण ब्लॉक आने-जाने वालों को रोज परेशानी झेलनी पड़ रही है।
बिखरी गिट्टी से हादसों का डर
सड़क पर जगह-जगह गिट्टी और निर्माण सामग्री पड़ी है। ब्लॉक प्रमुख दिनेश कुमार वर्मा के मुताबिक अधूरी सड़क के कारण कई लोग घायल हो चुके हैं, जिनमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुनीता और सुशीला भी शामिल हैं। कर्मचारियों का कहना है कि अगर जल्द काम पूरा नहीं हुआ तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
पीडब्ल्यूडी से बात, फिर चेतावनी
ब्लॉक प्रमुख ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिशासी अभियंता अमरेंद्र सिंह से फोन पर बात कर अधूरा काम जल्द पूरा कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर काम शुरू नहीं हुआ तो पीडब्ल्यूडी कार्यालय का घेराव किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर ठेकेदार के खिलाफ बीकापुर कोतवाली में एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।



