देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम की दो बिल्कुल अलग तस्वीरें देखने को मिल रही हैं। एक तरफ दिल्ली-NCR में वायु प्रदूषण ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं, तो दूसरी तरफ जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और सिक्किम के पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी ने मौसम को बेहद खूबसूरत बना दिया है। शुक्रवार, 13 नवंबर को दिल्ली में प्रदूषण का स्तर गंभीर श्रेणी में पहुंच गया, जहां IIT दिल्ली में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 488 दर्ज किया गया, जबकि राजधानी का औसत AQI 403 रहा। दिल्ली के कई इलाकों में हवा बेहद जहरीली बनी हुई है। वहीं जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग, सोनमर्ग, गुरेज और जोजिला समेत कई ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई है। लद्दाख के द्रास और हिमाचल के लाहौल में भी बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। उत्तरी सिक्किम के लाचुंग, जीरो पॉइंट और कालापत्थर में भी लगातार बर्फबारी से मनमोहक नजारे दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, भारी बर्फबारी के कारण श्रीनगर-लेह हाईवे, गुरेज-बांदीपोरा रोड और मुगल रोड पर यातायात प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से अगले 24 से 36 घंटों में ऊंचाई वाले इलाकों में और बर्फबारी होने की संभावना है।