लखनऊ, 2 अक्टूबर 2026। गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद जिलाधिकारी विशाख जी और संयुक्त पुलिस आयुक्त बब्लू कुमार ने शुक्रवार को नाव से फैजुल्लागंज के प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जलभराव की स्थिति, राहत एवं बचाव कार्यों और नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनी गईं और मौके पर दवाओं व दैनिक जरूरत की वस्तुओं का वितरण किया गया।

फोटो विवरण

जिला प्रशासन के अनुसार प्रभावित इलाकों में तीन बाढ़ राहत शिविर और एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। चिकित्सा सुविधा के लिए मेडिकल कैंप भी संचालित किए जा रहे हैं। प्रभावित लोगों के आवागमन और राहत कार्यों के लिए 24 नावों और गोताखोरों की व्यवस्था की गई है। जिलाधिकारी ने राहत कार्यों को मजबूत करने के लिए 10 अतिरिक्त नावों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

फोटो विवरण

जिलाधिकारी ने बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को चिन्हित कर उनकी सूची तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके। नगर निगम को प्रभावित क्षेत्रों में लगातार फॉगिंग और एंटी-लार्वा छिड़काव कराने के साथ जलभराव वाले इलाकों में जमा कूड़े-कचरे की नावों के जरिए सफाई कराने के निर्देश दिए गए। फैजुल्लागंज में स्थिति की निगरानी के लिए अलग-अलग शिफ्ट में तीन अपर जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी और तहसीलदारों की टीमें तैनात की गई हैं।