अयोध्या जिले के हैदरगंज क्षेत्र में हैदरगंज-भीटी मार्ग की हालत बेहद खराब हो चुकी है। इस सड़क पर जगह-जगह डामर उखड़ गया है और गहरे गड्ढे बन गए हैं। रोजाना हजारों लोगों की आवाजाही वाले इस मार्ग पर सुरक्षित सफर अब चुनौती बन गया है।
बार-बार बदलनी पड़ती है दिशा
गड्ढों से बचने के लिए वाहन चालकों को बार-बार दिशा बदलनी पड़ती है। सामने से वाहन आ जाए तो स्थिति और खतरनाक हो जाती है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह रास्ता सबसे ज्यादा जोखिम भरा है। बारिश के बाद गड्ढों में पानी भर जाने से इनकी गहराई का अंदाजा नहीं लगता, जिससे फिसलकर गिरने का डर बना रहता है।
मरम्मत को लेकर विभाग मौन
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की बदहाली का खामियाजा आम जनता भुगत रही है, लेकिन मरम्मत की जिम्मेदारी संभालने वाला विभाग सक्रिय नजर नहीं आ रहा। लोगों ने सवाल उठाया है कि क्या मरम्मत के लिए किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जा रहा है।



