अयोध्या जिले के ग्रामीण बाजारों के छोटे व्यापारी इन दिनों भारी टैक्स नोटिस से परेशान हैं। हैदरगंज, जाना बाजार, नानसा बाजार और तारुन के 60 से ज्यादा व्यापारियों को 40 हजार से 60 हजार रुपये तक के सीपी टैक्स के नोटिस थमाए गए हैं। व्यापारियों का कहना है कि छोटे कारोबार के लिए इतनी बड़ी रकम चुकाना मुश्किल है।
इस मुद्दे पर व्यापार मंडल की बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व राज्यसभा सदस्य बनवारी लाल कंछल ने की। हैदरगंज व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रिंस कसौधन ने व्यापारियों की परेशानी रखी।
व्यापारियों की मांगें
- सभी मामलों की दोबारा जांच कर असली टैक्स देनदारी तय की जाए
- अधिक लेबर सेस, जुर्माने और ब्याज के आकलन की जांच हो
- गृह कर और जल कर में बढ़ोतरी अधिकतम 10 प्रतिशत तक सीमित हो
- नजूल जमीन के फ्री होल्ड, लीज होल्ड और वरासत से जुड़े हस्तांतरण पर लगी रोक हटे
- जिन्होंने फ्री होल्ड के लिए पैसा जमा किया, उनके मामले निपटाए जाएं
बैठक में जिलाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह, जिला महामंत्री मनोज जायसवाल, जिला संगठन मंत्री नीरज जायसवाल और प्रदेश संयुक्त महामंत्री अरुण कुमार अग्रवाल मौजूद रहे।



