पंजाब की लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रा से कथित रेप के मामले में कपूरथला पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक, छात्रा के बयान के आधार पर केस दर्ज किया गया है और पूरे मामले की जांच जारी है। पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल दावों और उनसे जुड़ी जानकारियों की भी पड़ताल कर रही है।

इस मामले को लेकर यूनिवर्सिटी कैंपस में छात्रों का विरोध प्रदर्शन भी हुआ था। सोशल मीडिया पर कथित घटना की जानकारी वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में छात्र जुटे और प्रदर्शन के दौरान कैंपस में तोड़फोड़, आगजनी और हाईवे जाम करने की घटनाएं सामने आईं। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और वायरल दावों की सत्यता की जांच शुरू की।

वहीं, LPU प्रशासन ने कहा है कि सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अफवाहों से यूनिवर्सिटी की छवि प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है और छात्रों से अपील की गई है कि वे किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले उसकी पुष्टि करें। अब FIR दर्ज होने के बाद पुलिस कथित घटना के साथ-साथ सोशल मीडिया पर वायरल संदेशों और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।