अक्सर राजस्थान का नाम आते ही लोगों के मन में रेगिस्तान, तेज धूप और गर्म मौसम की तस्वीर उभरती है। लेकिन मानसून के दौरान यही राजस्थान हरियाली, झीलों और बादलों से ढकी पहाड़ियों के कारण किसी जन्नत से कम नहीं लगता। बारिश की फुहारें यहां की ऐतिहासिक धरोहरों और प्राकृतिक सौंदर्य में नई जान डाल देती हैं। अगर आप मानसून में घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो राजस्थान की कई जगहें आपको यादगार अनुभव दे सकती हैं।
माउंट आबू मानसून के दौरान सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में से एक है। अरावली की पहाड़ियों से घिरा यह हिल स्टेशन बारिश के मौसम में और भी मनमोहक हो जाता है। यहां की नक्की झील, गुरु शिखर, हनीमून प्वाइंट और दिलवाड़ा जैन मंदिर पर्यटकों को खासा आकर्षित करते हैं। बादलों से घिरी पहाड़ियां और ठंडी हवाएं इस जगह को प्रकृति प्रेमियों के लिए बेहतरीन बनाती हैं।
उदयपुर, जिसे ‘झीलों का शहर’ कहा जाता है, मानसून में अपनी अलग ही खूबसूरती बिखेरता है। पिछोला झील, फतेहसागर झील, सिटी पैलेस, सज्जनगढ़ (मानसून पैलेस) और सहेलियों की बाड़ी बारिश के मौसम में बेहद आकर्षक नजर आते हैं। सूर्यास्त के समय झीलों का नजारा और आसपास की हरियाली पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर देती है।








