मुंबई। बॉलीवुड के सुपरस्टार ऋतिक रोशन अपनी शानदार एक्टिंग के साथ-साथ परिवार के प्रति प्यार और लगाव को लेकर भी चर्चा में रहते हैं। इस बार अभिनेता अपनी कजिन और एक्ट्रेस पश्मीना रोशन को जन्मदिन की खास बधाई देने के चलते सुर्खियों में हैं। ऋतिक ने पश्मीना के 31वें जन्मदिन पर सोशल मीडिया पर कुछ खूबसूरत और अनदेखी तस्वीरें साझा करते हुए उनके लिए दिल छू लेने वाला नोट लिखा है।
ऋतिक ने तस्वीरें शेयर कर जताया प्यार
ऋतिक रोशन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पश्मीना के साथ कई तस्वीरें साझा कीं। इन तस्वीरों में दोनों साथ में खूबसूरत पल बिताते नजर आ रहे हैं। कुछ तस्वीरों में पश्मीना अपने दोस्तों और परिवार के साथ मस्ती करती दिखाई दे रही हैं। वहीं एक तस्वीर में ऋतिक की गर्लफ्रेंड सबा आजाद भी नजर आ रही हैं।
इन तस्वीरों के साथ ऋतिक ने पश्मीना को परिवार की जान और सबसे चमकदार रोशनी बताया। उन्होंने लिखा कि पश्मीना का बेफिक्र अंदाज, खूबसूरत मुस्कान और शानदार व्यक्तित्व परिवार के हर खास मौके को यादगार बना देता है। उनके बिना परिवार की खुशियों की कल्पना करना भी मुश्किल है।
'तुम दिल की बेहद साफ हो...'
ऋतिक ने अपने भावुक संदेश में आगे लिखा कि उनकी प्यारी पश्मीना का दिल बेहद साफ है। उनका जिंदादिल अंदाज हमेशा प्रेरित करता है। उन्होंने पश्मीना को सलाह दी कि वह अपने अंदर की खूबसूरत चमक को कभी कम न होने दें। इसी तरह चमकती रहें, सभी को हैरान करती रहें और हमेशा अपने असली अंदाज में जिंदगी जिएं।
अभिनेता ने आगे उन्हें परिवार की नन्ही जीनियस बताते हुए जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। ऋतिक के इस पोस्ट पर फैंस भी खूब प्यार लुटा रहे हैं और पश्मीना को जन्मदिन की बधाई दे रहे हैं।
कौन हैं पश्मीना रोशन?
पश्मीना रोशन बॉलीवुड के दिग्गज संगीतकार राजेश रोशन और कंचन रोशन की बेटी हैं। वह ऋतिक रोशन की चचेरी बहन हैं। पश्मीना ने साल 2024 में फिल्म 'इश्क विश्क रिबाउंड' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इस फिल्म में उनके साथ रोहित सराफ, जिब्रान खान और नैला ग्रेवाल नजर आए थे।



