सुगीया कटसरी राजपूत टोला में हुआ हादसा, तीन बेटियों और एक बेटे के सिर से उठा पिता का साया
फोटो विवरण
शिवहर। शिवहर थाना क्षेत्र के सुगीया कटसरी राजपूत टोला वार्ड नंबर-12 में छठ घाट की सजावट के दौरान बिजली के करंट की चपेट में आने से 30 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, हादसे में छह-सात अन्य लोगों को भी बिजली का झटका लगा। घटना के बाद छठ घाट पर अफरा-तफरी मच गई।
मृतक की पहचान सुगीया कटसरी निवासी विमलेश कुमार (30 वर्ष), पिता मंगल सहनी के रूप में की गई है। परिजनों के अनुसार, छठ घाट पर बांस के खंभे के सहारे झालर और पताका लगाने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान बांस को ऊपर उठाने पर वह ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार के संपर्क में आ गया। इससे वहां मौजूद छह-सात लोग करंट की चपेट में आ गए। हादसे में विमलेश कुमार को गंभीर करंट लगा।
स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से सभी को घायल समझकर सरोजा सीताराम सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने विमलेश कुमार को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताया कि विमलेश कुमार मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी माया देवी के अलावा तीन बेटियां और एक बेटा है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। छठ पर्व की खुशियां मातम में बदल गईं। गांव में भी शोक का माहौल है।