मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026
लोकतंत्र लाइव टीवी लोगो
ब्रेकिंग

सुलतानपुर में चक्रवात ‘अर्णब’ का असर! 29 अक्टूबर को भारी बारिश और 50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाओं का अलर्ट

सुलतानपुर में चक्रवात ‘अर्णब’ की आहट से बढ़ी चिंता! 29 अक्टूबर को आसमान से बरसेगी आफत या 50 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी हवाएं? प्रशासन ने जारी किया अलर्ट।

Pawan Kumar

• रिपोर्टर व न्यूज़ संपादक

3 मिनट sultanpur

शेयर करें:
सुलतानपुर में चक्रवात ‘अर्णब’ का असर! 29 अक्टूबर को भारी बारिश और 50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाओं का अलर्ट
फोटो विवरण

सुलतानपुर। बंगाल की खाड़ी में विकसित चक्रवात ‘अर्णब’ के प्रभाव से उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम बदलने की संभावना जताई गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम केंद्र लखनऊ की ओर से 27 अक्टूबर 2026 को जारी पूर्वानुमान के अनुसार, 28 से 31 अक्टूबर के बीच प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश, मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाएं चल सकती हैं। इसे देखते हुए सुलतानपुर के जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह ने जनपदवासियों से सतर्क रहने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

मौसम विभाग के जनपद स्तरीय पूर्वानुमान में सुलतानपुर के लिए विशेष सावधानी बरतने की जरूरत बताई गई है। **29 अक्टूबर को जिले में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।** इस दौरान गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, 30 अक्टूबर को भी जिले में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं की आशंका व्यक्त की गई है।

फोटो विवरण

 28 से 30 अक्टूबर तक कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 28 अक्टूबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाले हवा के झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।

29 अक्टूबर को सुलतानपुर में भारी बारिश के साथ तेज हवाओं और बिजली गिरने का खतरा बना रह सकता है। इसके बाद 30 अक्टूबर को भी जिले में खराब मौसम की स्थिति देखने को मिल सकती है। प्रशासन ने नागरिकों को इन दिनों विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

 जिलाधिकारी ने की सतर्क रहने की अपील

जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह ने जनपदवासियों से अपील की है कि मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान और चेतावनियों को गंभीरता से लें। खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर जाने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौसम की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने तथा आम लोगों तक समय से जरूरी सूचनाएं पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का जोर इस बात पर है कि संभावित खराब मौसम के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए लोग पहले से सावधानी बरतें।

 तेज हवाओं और वज्रपात से रहें सावधान

तेज हवाओं और भारी बारिश के कारण पेड़ों की डालियां टूटने, बिजली आपूर्ति बाधित होने, जलभराव और यातायात प्रभावित होने जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। बिजली चमकने और गरजने के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे तथा बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचें। संभव हो तो पक्के भवन के भीतर सुरक्षित रहें और मौसम सामान्य होने तक बाहर निकलने से परहेज करें।

 ‘सचेत’ ऐप डाउनलोड करने की अपील

जिला प्रशासन ने नागरिकों से मौसम संबंधी चेतावनियों और आपदा से बचाव की जानकारी समय पर प्राप्त करने के लिए मोबाइल फोन में **‘सचेत (SACHET) ऐप’** डाउनलोड करने की अपील की है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं पर भरोसा करने को कहा है।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे में मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करना और सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।

शेयर करें:

ये भी पढ़ें

और देखें →