वाराणसी में वेज बर्गर के नाम पर चिकन बर्गर की डिलीवरी! बेटे के लिए ऑर्डर किया था शाकाहारी खाना, पैकेट खोलते ही उड़े होश; अधिवक्ता ने Swiggy के खिलाफ थाने में की शिकायत, रिफंड के साथ मांगा मुआवजा—आखिर किसकी थी ये बड़ी चूक?
Varanasi News: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में ऑनलाइन फूड डिलीवरी से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां ऑनलाइन वेज बर्गर ऑर्डर करने पर ग्राहक को चिकन बर्गर डिलीवर किए जाने का आरोप है। मामले में अधिवक्ता प्रशांत विश्वकर्मा ने Swiggy के खिलाफ सिगरा थाने में शिकायत की है। उन्होंने इस लापरवाही के लिए रिफंड के साथ मुआवजे की मांग भी की है।
वेज बर्गर की जगह मिला चिकन बर्गर
प्रशांत विश्वकर्मा के मुताबिक, गुरुवार शाम करीब 5:45 बजे उनके बेटे की जिद पर उन्होंने McDonald’s से Swiggy के माध्यम से वेज बर्गर, फ्रेंच फ्राइज और कोल्ड ड्रिंक ऑर्डर की थी। आरोप है कि ऑर्डर मिलने में करीब दो घंटे लग गए। जब पैकेट घर पहुंचा और खोला गया तो उसमें वेज बर्गर की जगह चिकन बर्गर निकला।
बताया गया कि उनके बेटे ने बर्गर खाना शुरू किया तो उसका स्वाद सामान्य से अलग लगा। इसके बाद पैकेट की जांच की गई तो उस पर भी चिकन बर्गर लिखा हुआ मिला। इस तरह वेज बर्गर के ऑर्डर में नॉनवेज बर्गर मिलने का मामला सामने आया।
घर में लहसुन-प्याज तक नहीं बनता: अधिवक्ता
प्रशांत विश्वकर्मा का कहना है कि उनके घर में लहसुन-प्याज तक नहीं बनाया जाता। ऐसे में वेज बर्गर के स्थान पर चिकन बर्गर पहुंचना उनके परिवार के लिए गंभीर मामला है। उन्होंने Swiggy के मैनेजर से संपर्क कर इसकी शिकायत की। आरोप है कि मैनेजर ने गलती स्वीकार करते हुए बताया कि डिलीवरी बॉय की ओर से दूसरा पैकेट दिए जाने की वजह से यह गड़बड़ी हुई।
सिगरा थाने में शिकायत, लिखित तहरीर का इंतजार
मामले को लेकर अधिवक्ता ने सिगरा थाने में फोन के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई है। सिगरा थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा के मुताबिक, उन्हें फोन पर शिकायत मिली है। पीड़ित के वाराणसी आने और लिखित तहरीर देने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल यह मामला ऑनलाइन फूड डिलीवरी में ऑर्डर की सही पहचान और ग्राहकों तक सही खाद्य सामग्री पहुंचाने की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर रहा है। शिकायत के बाद पुलिस की आगे की कार्रवाई और संबंधित कंपनी का पक्ष सामने आना बाकी है।