गुरुवार, 8 अक्टूबर 2026
लोकतंत्र लाइव टीवी लोगो
ब्रेकिंग

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी तेज, एक सप्ताह में सेक्टर ऑफिसर की तैनाती के निर्देश

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर निर्वाचन आयोग ने प्रक्रिया तेज कर दी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने सभी जिलों में एक सप्ताह के भीतर सेक्टर ऑफिसर और सेक्टर पुलिस ऑफिसर की तैनाती के निर्देश दिए हैं।

P
Pawan Kumar

2 मिनट लखनऊ

शेयर करें:
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी तेज, एक सप्ताह में सेक्टर ऑफिसर की तैनाती के निर्देश
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारियों, पुलिस आयुक्तों, एसएसपी और एसपी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारियों, पुलिस आयुक्तों, एसएसपी और एसपी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी जिलों में एक सप्ताह के भीतर सेक्टर ऑफिसर और सेक्टर पुलिस ऑफिसर की नियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सेक्टर ऑफिसर और सेक्टर पुलिस ऑफिसर के तौर पर सक्षम और संवेदनशील अधिकारियों की नियुक्ति की जाए। नियुक्ति के बाद मास्टर ट्रेनर्स के माध्यम से उन्हें निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों और नियमों का प्रशिक्षण भी दिया जाए। सेक्टर ऑफिसर मतदान से पहले ईवीएम जागरूकता कार्यक्रमों और मतदान के दिन की व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे। साथ ही, वे अपने क्षेत्र के मतदान अधिकारियों के कार्यों का भी पर्यवेक्षण करेंगे।

मतदेय स्थलों की सुविधाओं का होगा स्थलीय सत्यापन

नवदीप रिणवा ने सेक्टर ऑफिसरों को अपने क्षेत्र के मतदेय स्थलों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। इस दौरान मतदान केंद्रों तक पहुंचने वाले रास्ते, बिजली, फर्नीचर, रैंप, शौचालय, छाया और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता जांची जाएगी। कमियां मिलने पर संबंधित विभागों से समन्वय कर उन्हें समयबद्ध तरीके से दूर कराया जाएगा।

वल्नरेबिलिटी मैपिंग और क्रिटिकल बूथों पर भी फोकस

सेक्टर ऑफिसर और सेक्टर पुलिस ऑफिसर को वल्नरेबिलिटी मैपिंग के लिए वीएम-1 फॉर्मेट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें पिछले लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े आपराधिक मामले, जातिगत हिंसा, आचार संहिता उल्लंघन, जब्ती, पुनर्मतदान और शराब से जुड़े मामलों जैसी जानकारियां दर्ज की जाती हैं। इसके आधार पर अधिकारी अपने क्षेत्रों का भ्रमण कर आवश्यक कार्रवाई करेंगे।

इसके अलावा क्रिटिकल मतदेय स्थलों की पहचान निर्धारित मानकों के आधार पर करने और ऐसे मतदान केंद्रों को चिह्नित करने को कहा गया है, जहां मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं है। संबंधित सर्विस प्रोवाइडर से समन्वय कर वहां नेटवर्क सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा पर भी सख्ती

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने ईवीएम वेयरहाउस के मासिक और त्रैमासिक निरीक्षण के दौरान निर्वाचन आयोग के ईवीएम मैनुअल का पालन सुनिश्चित करने को कहा। वेयरहाउस में लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग का 30 दिन का बैकअप अनिवार्य रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, एफएलसी के दौरान दीमक, सीपेज या अन्य तकनीकी समस्या मिलने पर उसे तत्काल ठीक कराने को कहा गया है।

रिणवा ने संबंधित थाना प्रभारी और पुलिस उपाधीक्षक को भी समय-समय पर ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था और वहां तैनात सुरक्षा बल की मौजूदगी का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विधानसभा चुनाव 2027 से जुड़ी सभी तैयारियां निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और निर्धारित समय-सीमा के अनुसार पूरी की जाएं, ताकि चुनाव प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई जा सके।

शेयर करें:

ये भी पढ़ें

और देखें →