बिसंडा थाना क्षेत्र के हस्तम गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां नाले में नहाने गईं दो मासूम बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद दोनों परिवारों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया। पुलिस ने दोनों बच्चियों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान राधिका (9 वर्ष), पुत्री श्रवण कुमार निवासी हस्तम गांव और अंशिका (9 वर्ष), पुत्री शिवशंकर निवासी दिवली, कोतवाली नरैनी क्षेत्र के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अंशिका कुछ दिनों पहले अपनी बुआ के घर हस्तम गांव आई हुई थी। दोपहर के समय दोनों बच्चियां खेलते-खेलते गांव के पास स्थित नाले में नहाने चली गईं।
नहाने के दौरान दोनों बच्चियां अचानक गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। आसपास मौजूद लोगों ने जब बच्चियों को पानी में डूबते देखा तो तुरंत इसकी सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से काफी देर तक खोजबीन के बाद दोनों बच्चियों को नाले से बाहर निकाला गया।







