राजस्थान के सीकर में सुजला शेखावाटी समिति और घनश्याम तिवाड़ी अभिनंदन समिति के संयुक्त तत्वावधान में राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी का अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा, जनप्रतिनिधियों, किसानों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि यमुना जल समझौता शेखावाटी क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि इस समझौते से सीकर, झुंझुनूं और चूरू जैसे जिलों की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या के समाधान की उम्मीद मजबूत हुई है।
मंत्री खर्रा ने कहा कि वर्ष 1994 से शेखावाटी क्षेत्र के लिए यमुना का पानी लाने की मांग उठती रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत तथा राजस्थान और हरियाणा के मुख्यमंत्रियों की मौजूदगी में यमुना जल समझौते के एमओयू पर हस्ताक्षर हुए, जो क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।







