*प्रेस विज्ञप्ति*
*लखनऊ, दिनांक 07 जनवरी 2026*
शीत लहर के प्रभाव को दृष्टिगत रखते हुए जनपद लखनऊ में आमजन, विशेषकर निराश्रित एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को राहत प्रदान किए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी लखनऊ श्री विशाख जी0 द्वारा नगर क्षेत्र के डालीगंज, सीतापुर रोड एवं मोहिबुल्लापुर सहित विभिन्न स्थानों का भ्रमण कर स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा जरूरतमंद व्यक्तियों को कंबलों का वितरण किया गया एवं लोगों को रैन बसेरे में भेजा गया।

जिलाधिकारी द्वारा डालीगंज स्थित रैन बसेरा एवं पल्टन छावनी स्थित रैन बसेरे भी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पल्टन छावनी स्थित रैन बसेरे के केयर टेकर द्वारा बताया गया कि रैन बसेरे में महिला एवं पुरुष के ठहरने की अलग अलग व्यवस्था है। वर्तमान में रैन बसेरे में 65 लोग आवासित है, रैन बसेरे की कुल क्षमता 75 बेड की है। रैन बसेरे में अलाव, हीटर आदि की व्यवस्था उपलब्ध पाई गई। उक्त के अतिरिक्त रैन बसेरे में आश्रित लोगों के लिए न्यूनतम मूल्य पर दो टाइम का खाना उपलब्ध कराने हेतु कैंटीन की व्यवस्था भी पाई गई। निरीक्षण के दौरान दोनों रैन बसेरों में पर्याप्त साफ सफाई और अन्य व्यवस्थाएं उपलब्ध पाई गई। जिलाधिकारी द्वारा निरीक्षण करते हुए रैन बसेरों में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में निर्देशित किया गया कि सभी रैन बसेरों में स्वच्छता, प्रकाश, पेयजल, बिस्तर एवं पर्याप्त संख्या में कंबलों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के पश्चात जिलाधिकारी द्वारा रैन बसेरे में आवासित लोगों को कंबल वितरण भी किया गया। साथ ही शीत लहर के दृष्टिगत नगर क्षेत्र के प्रमुख स्थलों पर अलाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के निर्देश भी जिलाधिकारी द्वारा संबंधित विभागों को दिए गए।








