पूरी खबरें
लखनऊ • उत्तर प्रदेश • पृष्ठ 1
लखनऊ के इलाहाबाद पब्लिक स्कूल में Annual Sports Day की धूम, बच्चों ने खेलकूद और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से जीता सबका दिल
मुख्य अतिथि सत्येंद्र बारी 'बीनू' ने किया वार्षिक समारोह का शुभारंभ, प्रतिभावान बच्चों को पुरस्कार देकर बढ़ाया उत्साह
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के चिनहट क्षेत्र स्थित गणेशपुर, रहमान देवा रोड पर इलाहाबाद पब्लिक स्कूल में 18 नवंबर को एनुअल स्पोर्ट्स डे (वार्षिक खेलकूद दिवस) के उपलक्ष्य में भव्य वार्षिक समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर उत्साह, उमंग और बच्चों की प्रतिभाओं से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने खेलकूद प्रतियोगिताओं, डांस कंपटीशन और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि माननीय सत्येंद्र बारी 'बीनू' जी, सदस्य राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक विशाल पांडे, डायरेक्टर श्रीमती अर्पित पांडे, श्रीमती मधु पांडे, अध्यक्ष श्री विजय नारायण पांडे सहित विद्यालय प्रबंधन के अन्य सदस्य मौजूद रहे। वार्षिक समारोह के दौरान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से अलग-अलग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। बच्चों ने दौड़ सहित विभिन्न खेलकूद गतिविधियों में अपनी खेल प्रतिभा और उत्साह का प्रदर्शन किया। वहीं डांस प्रतियोगिता और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी कला, रचनात्मकता और आत्मविश्वास का शानदार परिचय दिया। बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों और शिक्षकों का खूब मनोरंजन किया। पूरा विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सत्येंद्र बारी 'बीनू' ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों के जीवन में शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों के महत्व को भी रेखांकित किया। ऐसे आयोजनों से बच्चों में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का विकास होता है। खेलकूद विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ आपसी सहयोग और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रिंसिपल मीनाक्षी सिन्हा और राकेश तिवारी सहित अन्य विद्यालयों से आए शिक्षक एवं शिक्षिकाओं की भी विशेष उपस्थिति रही। सभी ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया। समारोह के समापन अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि एवं विद्यालय प्रबंधन द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त करने वाले बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह देखने को मिला। इस दौरान विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों को भविष्य में भी शिक्षा, खेल और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। कुल मिलाकर इलाहाबाद पब्लिक स्कूल का वार्षिक समारोह बच्चों की प्रतिभा, मेहनत और आत्मविश्वास को प्रदर्शित करने का एक शानदार मंच साबित हुआ। इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियां भी बेहद महत्वपूर्ण हैं।
लखनऊ • उत्तर प्रदेश • पृष्ठ 1
बुराई कर सकते हो, बराबरी नहीं! सत्येन्द्र बारी की कार्यशैली से विरोधियों को जवाब, पीड़ित परिवारों के बीच पहुँचे
यूँ ही कोई सत्येन्द्र बारी नहीं बन जाता! प्रतापगढ़ के तुलसीराम बारी परिवार को मिला भरोसा, समाज में तेज हुई चर्चा
🔥 बुराई कर सकते हो, लेकिन बराबरी नहीं! यूँ ही कोई सत्येन्द्र बारी नहीं बन जाता! जनता सब देख रही है, सब समझ रही है! बारी समाज में नेता बनने की होड़ तो बहुत है, लेकिन समाज के पीड़ितों के दरवाजे तक पहुँचने की होड़ आखिर क्यों नहीं है? फोटो विवरण आज कोई लखनऊ में बड़े नेताओं की परिक्रमा करके अपना राजनीतिक कद बढ़ाना चाहता है, तो कोई समाज की संख्या और जातीय समीकरण गिनाकर अपने लिए पद-प्रतिष्ठा माँग रहा है। लेकिन एक सवाल है— जिन लोगों के पास पहले पद था, प्रभाव था, राजनीतिक ताकत थी, उन्होंने कितने गरीब बारी परिवारों की चौखट पर पहुँचकर उनकी पीड़ा सुनी? आज उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य सत्येन्द्र कुमार बारी की कार्यशैली को इसी कसौटी पर देखना चाहिए। मैं प्रतापगढ़ जनपद के तुलसीराम बारी प्रकरण का प्रत्यक्षदर्शी हूँ। जो कुछ देखा और महसूस किया, उसे समाज के सामने रखना चाहता हूँ। प्रतापगढ़ के टिकैता गाँव में रहने वाले तुलसीराम बारी पर दबंगों द्वारा हमला किया गया। परिवार के अनुसार, इससे पहले भी उन पर कई बार हमले हो चुके थे। परिवार का आरोप है कि आरोपी के प्रभावशाली पारिवारिक संबंधों तथा मानसिक स्थिति से संबंधित प्रमाणपत्र के कारण पहले अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो पाती थी। लेकिन इस बार आरोपी गिरफ्तार हुआ और जेल पहुँचा। इसके बाद की घटना और भी महत्वपूर्ण है। सत्येन्द्र बारी केवल फोन पर कार्रवाई कराकर शांत नहीं बैठे। वे पीड़ितों और उनके परिवारों तक लगातार पहुँच रहे हैं। तुलसीराम बारी के घर भी देर रात पहुँचे। उनके साथ पुलिस अधिकारी मौजूद थे। घायल तुलसीराम बारी का हालचाल जाना, परिवार के लोगों से बातचीत की और अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। जरा उस परिवार की मनःस्थिति समझिए! जिस व्यक्ति पर बार-बार हमला होने की शिकायत रही हो, जिसके परिवार के मन में यह डर बैठ गया हो कि आरोपी जेल से बाहर निकलकर फिर नुकसान पहुँचा सकता है, उसके घर स्वयं एक जिम्मेदार जनप्रतिनिधि का पहुँचना कितना बड़ा भरोसा देता होगा! मैंने उस परिवार के चेहरे पर यह विश्वास देखा। परिवार का कहना था कि सत्येन्द्र बारी के घर आने से उनका मान-सम्मान बढ़ा है। उन्हें अब यह विश्वास हुआ है कि वे अकेले नहीं हैं। यहाँ एक बात विशेष रूप से समझने की है—सत्येन्द्र बारी की पहचान केवल किसी एक मामले तक सीमित नहीं है। वे लगातार गाँव-गाँव, जिले-जिले और पीड़ित परिवारों के घर पहुँच रहे हैं। पद मिलने के बाद लखनऊ में आराम से बैठना भी एक विकल्प था। बड़े नेताओं से मुलाकातें करना, अपनी व्यक्तिगत प्रतिष्ठा बढ़ाना और राजनीतिक भविष्य सँवारना भी एक रास्ता था। लेकिन उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में जनसंपर्क, जनसुनवाई और कमजोर परिवारों तक सीधे पहुँचने को प्राथमिकता दी है। और आज जो उनकी आलोचना कर रहे हैं, उनसे मेरा एक सवाल है— आप भी समाज के गरीबों के घर जाइए। आप भी किसी घायल व्यक्ति के सिरहाने बैठिए। आप भी किसी भयभीत परिवार का भरोसा बनिए। आप भी अधिकारियों के सामने पीड़ित की समस्याएँ उठाइए। आलोचना करना आसान है, लेकिन उसी स्तर का परिश्रम करके दिखाना कठिन है। किसी की लोकप्रियता से असहमति हो सकती है। किसी की कार्यशैली पर सवाल उठाए जा सकते हैं। लोकतंत्र में आलोचना का पूरा अधिकार है। लेकिन समाज के लिए किए जा रहे वास्तविक कार्यों का मूल्यांकन भी ईमानदारी से होना चाहिए। जिनके पास पहले शक्ति थी, उनसे भी सवाल पूछा जाना चाहिए कि उस शक्ति का कितना लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचा? और आज जिनके पास दायित्व है, उन्हें भी इसी कसौटी पर परखा जाना चाहिए। याद रखिए—जनता सब देख रही है! कौन मंच पर बोलता है और कौन पीड़ित की चौखट तक पहुँचता है। कौन समाज के नाम पर अपना पद माँगता है और कौन पद मिलने के बाद समाज की समस्याएँ सुनता है। कौन केवल बड़े नेताओं से संबंध बनाने में व्यस्त है और कौन आम लोगों से अपना संबंध बनाए रखता है। यूँ ही कोई सत्येन्द्र बारी नहीं बन जाता! इसके लिए निरंतर परिश्रम, जनसंपर्क, कठिन परिस्थितियों में लोगों के साथ खड़े होने की इच्छाशक्ति और अपने दायित्व के प्रति प्रतिबद्धता चाहिए। बुराई कर सकते हो, लेकिन बराबरी करनी है तो काम करके दिखाओ! और अंत में मैं इतना ही कहूँगा— समाज को नेता कहलाने वालों की संख्या नहीं, समाज के लिए काम करने वालों की संख्या बढ़ानी चाहिए। तुलसीराम बारी जैसे पीड़ित परिवारों की सुरक्षा, सम्मान और न्याय के लिए जो भी खड़ा होगा, हम उसके साथ खड़े रहेंगे। क्योंकि हमारा समर्थन केवल किसी व्यक्ति के नाम को नहीं, बल्कि उस सेवा-भाव और कार्यशैली को है, जिसमें गरीब से गरीब व्यक्ति भी अपने आपको अकेला न समझे। पद से पहचान मिल सकती है, लेकिन लोगों के दिलों में जगह निरंतर सेवा से ही बनती है। सत्येन्द्र बारी की कार्यशैली का यही संदेश है। — एक समर्थक, एक प्रत्यक्षदर्शी, समाज की पीड़ा को समझने वाला कार्यकर्ता।
प्रयागराज • उत्तर प्रदेश • पृष्ठ 1
*निषाद पार्टी की नवनियुक्त मंडलीय एवं जनपदीय कार्यकारिणी को डॉ. संजय निषाद ने दिलाई शपथ*
*2017 में 01 विधायक और 2022 में 11 विधायक बनाकर निषाद पार्टी ने आलोचकों को दिया जवाब : डॉ. संजय निषाद*
आज दिनांक 16 नवंबर 2026, दिन सोमवार को निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद पार्टी) के तत्वावधान में जनपद प्रयागराज के जिला पंचायत सभागार में निषाद पार्टी की नवनियुक्त मंडलीय एवं जनपदीय कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में मा० राष्ट्रीय अध्यक्ष, निषाद पार्टी एवं कैबिनेट मंत्री (मत्स्य विभाग), उत्तर प्रदेश सरकार डॉ. संजय कुमार निषाद जी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद एवं संगठन के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई। फोटो विवरण इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए डॉ. संजय कुमार निषाद जी ने कहा कि निषाद पार्टी अपने 11वें वर्ष में प्रवेश कर चुकी है। 11 वर्ष पूर्व जब हमने निषाद पार्टी का गठन किया था, तब लोग हँसते थे कि अब निषादों की भी कोई पार्टी बनेगी। लेकिन हमने उन लोगों को जवाब कभी लड़ाई-झगड़ा करके नहीं दिया, बल्कि वर्ष 2017 में 01 विधायक और वर्ष 2022 में 11 विधायक बनाकर दिया। डॉ. निषाद ने कहा कि जब हम प्रयागराज आते थे और अपने पूर्वजों की जमीन, इतिहास एवं महाराज गुह्यराज निषाद जी के पदचिह्नों पर चलकर निषाद समाज को न्याय और पहचान दिलाने की बात करते थे, तब लोग कहते थे कि जंगल में जाकर निषाद समाज को क्या मिलेगा? लेकिन आज केंद्र एवं प्रदेश सरकार ने श्रृंगवेरपुर धाम को एक नई पहचान देने का कार्य किया है। आज श्रृंगवेरपुर धाम केवल जंगल नहीं, बल्कि आस्था, इतिहास और गौरव का केंद्र बन चुका है। यहां मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम एवं महाराज गुह्यराज निषाद जी की गले मिलते हुए भव्य प्रतिमा, पार्क एवं म्यूजियम का निर्माण कराया गया है। वहीं, अयोध्या में भव्य राम मंदिर के साथ अतिथि गृह का नाम भी महाराज गुह्यराज निषाद जी के नाम पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि यह पहचान और सम्मान निषाद समाज तथा निषाद पार्टी के कार्यकर्ताओं के संघर्ष और समर्पण की बदौलत प्राप्त हुआ है। हम किसी के कहने से रुकने वाले नहीं हैं। हम और आगे बढ़ेंगे तथा अपने समाज की खोई हुई पहचान, गौरव और सम्मान को पुनः स्थापित करने का कार्य करेंगे। डॉ. निषाद ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि जनपद प्रयागराज में वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में निषाद पार्टी ने 02 सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन इस बार पार्टी करछना, हंडिया और बारा विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। निषाद पार्टी जनपद प्रयागराज की 03 सीटों के साथ-साथ पूरे मंडल की 05 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अब आप सभी को कमर कसकर चुनाव की तैयारियों में जुटना होगा। सभी जिलों में नए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति हो चुकी है। हमें पुराने कार्यकर्ताओं को साथ लेकर, संगठन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करते हुए आगे बढ़ना होगा। संगठन की मजबूती ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें। जारीकर्ता राजीव यादव जनसंपर्क अधिकारी मा० राष्ट्रीय अध्यक्ष- निषाद पार्टी
Lucknow • उत्तर प्रदेश • पृष्ठ 1
यूपी चुनाव 2027 से पहले तेज हुई 'कथा पॉलिटिक्स', राजा भैया से बृजभूषण तक धार्मिक मंचों से ताकत दिखा रहे नेता
रामकथा से शिवमहापुराण तक... यूपी में चुनाव से पहले धर्म के सहारे सियासी ताकत दिखा रहे नेता, क्या वोट में बदलेगी भीड़?
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां धीरे-धीरे तेज होने लगी हैं। चुनाव में अभी वक्त है, लेकिन राजनीतिक दलों और नेताओं ने अपने-अपने स्तर पर जनता के बीच पकड़ मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है। इस बार यूपी की राजनीति में रैलियों, जनसभाओं और राजनीतिक सम्मेलनों के साथ-साथ धार्मिक आयोजनों का भी खास महत्व दिखाई देने लगा है। रामकथा, भागवत कथा और शिवमहापुराण जैसे धार्मिक कार्यक्रम अब केवल आस्था और अध्यात्म तक सीमित नहीं रह गए हैं, बल्कि इनके मंचों पर प्रदेश के बड़े राजनीतिक चेहरे भी नजर आ रहे हैं। इसी नए सियासी ट्रेंड को 'कथा पॉलिटिक्स' का नाम दिया जा रहा है। इन दिनों प्रतापगढ़ के कुंडा में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष और विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की ओर से आयोजित श्रीराम कथा काफी चर्चा में है। इस आयोजन में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री कथा वाचन कर रहे हैं। 17 से 20 नवंबर तक चलने वाले इस चार दिवसीय धार्मिक आयोजन को लेकर बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं। राजा भैया के बेंती स्थित राजभवन में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इस आयोजन को लेकर धार्मिक उत्साह के साथ राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हैं। इसकी एक बड़ी वजह यह है कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पिछले कुछ समय से अपने बयानों को लेकर राजनीतिक बहस के केंद्र में रहे हैं। भगवान राम और भगवान कृष्ण को लेकर उनकी एक टिप्पणी पर भी विवाद हुआ था। समाजवादी पार्टी के नेताओं ने उनके कार्यक्रमों का विरोध किया था। वहीं, राजा भैया ने कथा आयोजन को लेकर अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि रामकथा का आयोजन होकर रहेगा। ऐसे में प्रतापगढ़ का यह धार्मिक कार्यक्रम अब प्रदेश की राजनीति में भी चर्चा का विषय बन गया है। राजा भैया ने इस आयोजन में बीजेपी, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी समेत अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं को आमंत्रित किया है। ऐसे में सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि कौन-कौन से राजनीतिक चेहरे कथा में पहुंचते हैं। राजा भैया का प्रतापगढ़ और आसपास के जिलों में लंबे समय से प्रभाव रहा है। ऐसे में इतने बड़े धार्मिक आयोजन को उनके क्षेत्र में जनसंपर्क और सामाजिक प्रभाव के नजरिए से भी देखा जा रहा है। बृजभूषण शरण सिंह भी धार्मिक मंचों से दिखा चुके हैं ताकत यूपी की इस कथा पॉलिटिक्स में बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का नाम भी प्रमुखता से सामने आता है। उन्होंने इसी साल जनवरी में गोंडा के नंदिनी नगर में ऋतेश्वर महाराज की राष्ट्रकथा का आयोजन कराया था। कई दिनों तक चले इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए थे। खास बात यह रही कि इस आयोजन में राजनीति के कई चर्चित चेहरे भी नजर आए। कार्यक्रम में बाहुबली छवि वाले नेता बृजेश सिंह, धनंजय सिंह, प्रदेश सरकार के मंत्री एके शर्मा, सांसद जगदंबिका पाल समेत कई विधायक और अन्य प्रमुख हस्तियां शामिल हुई थीं। इस आयोजन ने धार्मिक कार्यक्रम के साथ-साथ राजनीतिक हलकों में भी खूब चर्चा बटोरी थी। बृजभूषण शरण सिंह के लिए यह आयोजन अपने क्षेत्र में लोगों से जुड़ने और अपनी सार्वजनिक सक्रियता दिखाने का एक बड़ा मंच बना। मनोज पांडेय की शिवमहापुराण कथा में जुटे बड़े राजनीतिक चेहरे रायबरेली जिले की ऊंचाहार विधानसभा सीट से विधायक और यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय भी इस तरह के बड़े धार्मिक आयोजन करा चुके हैं। उन्होंने 11 से 17 सितंबर तक अपने विधानसभा क्षेत्र में शिवमहापुराण कथा का आयोजन कराया था। इस कथा का वाचन सीहोर वाले पंडित प्रदीप मिश्रा ने किया था। इस आयोजन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ प्रदेश सरकार के दो दर्जन से अधिक मंत्री और पांच दर्जन से ज्यादा विधायक शामिल हुए थे। तीन राज्यों के राज्यपालों की मौजूदगी ने भी कार्यक्रम को खास बना दिया था। इस आयोजन में लाखों लोगों के पहुंचने का दावा किया गया था। मनोज पांडेय की राजनीतिक यात्रा भी इस आयोजन को लेकर चर्चा में रही। वह समाजवादी पार्टी से तीन बार विधायक रह चुके हैं और 2024 के राज्यसभा चुनाव के दौरान बीजेपी के साथ आ गए थे। बीजेपी में आने के बाद से वह हिंदुत्व के मुद्दों पर सक्रिय दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में अपने विधानसभा क्षेत्र में इतना बड़ा धार्मिक आयोजन कराना उनके राजनीतिक जनसंपर्क के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना गया। चंदौली से पीलीभीत तक धार्मिक आयोजनों की धूम पूर्वांचल के चंदौली जिले में भी धार्मिक आयोजन के जरिए राजनीतिक संपर्क बढ़ाने की तस्वीर देखने को मिली। सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक सुशील सिंह ने 20 से 24 अक्टूबर तक धानापुर इलाके में पंडित राजन जी महाराज की कथा का आयोजन कराया था। इसमें उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के अलावा बृजभूषण शरण सिंह और धनंजय सिंह समेत कई प्रमुख राजनीतिक चेहरे शामिल हुए थे। वहीं पीलीभीत के बीसलपुर में आयोजित नौ दिवसीय रामकथा के समापन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए थे। तीन नवंबर को आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मंदिर में दर्शन-पूजन किया और रामकथा सुनी। इसके बाद उन्होंने लोगों को संबोधित भी किया। इन आयोजनों से साफ दिखाई देता है कि प्रदेश के अलग-अलग जिलों में धार्मिक मंचों पर राजनीतिक नेताओं की मौजूदगी लगातार बढ़ रही है। बीजेपी के विधायक, मंत्री और प्रभावशाली नेता अपने-अपने क्षेत्रों में बड़े कथावाचकों को बुलाकर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। आखिर चुनाव से पहले कथा पॉलिटिक्स पर इतना जोर क्यों? दरअसल, उत्तर प्रदेश की राजनीति में धर्म और धार्मिक आयोजनों की भूमिका पहले से ही महत्वपूर्ण रही है। राम मंदिर आंदोलन से लेकर कांवड़ यात्रा और धार्मिक यात्राओं तक, धर्म प्रदेश की राजनीति का अहम हिस्सा रहा है। लेकिन अब बड़े कथावाचकों की लोकप्रियता और उनके कार्यक्रमों में उमड़ने वाली भीड़ ने नेताओं को जनता के बीच पहुंचने का एक नया मंच दे दिया है। राजनीतिक रैलियों में जहां पार्टी के झंडे, भाषण और चुनावी मुद्दे प्रमुख होते हैं, वहीं धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में लोग बिना किसी राजनीतिक अपील के भी पहुंचते हैं। ऐसे कार्यक्रमों में नेताओं को हजारों और लाखों लोगों के बीच अपनी मौजूदगी दर्ज कराने का अवसर मिलता है। साथ ही उन्हें सनातन धर्म, धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक आयोजनों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाने का मौका भी मिलता है। इन कार्यक्रमों में महिलाओं, युवाओं, पिछड़े वर्गों और दलित समाज समेत अलग-अलग सामाजिक समूहों की भागीदारी भी देखने को मिलती है। ऐसे में नेताओं के लिए यह विभिन्न वर्गों के साथ संवाद और संपर्क बढ़ाने का एक माध्यम बन जाता है। क्या कथा की भीड़ वोट में बदल पाएगी? हालांकि, सबसे बड़ा सवाल यही है कि धार्मिक आयोजनों में जुटने वाली भारी भीड़ क्या 2027 के विधानसभा चुनाव में वोटों में भी तब्दील हो पाएगी? किसी कथा में लाखों श्रद्धालुओं का पहुंचना सीधे तौर पर किसी नेता या राजनीतिक दल के समर्थन का संकेत नहीं माना जा सकता। धार्मिक आयोजनों में आने वाले लोगों की प्राथमिकता आस्था, पूजा-पाठ और कथा श्रवण भी हो सकती है। लेकिन इतना जरूर है कि यूपी में चुनाव से पहले धार्मिक मंचों पर राजनीतिक चेहरों की सक्रियता बढ़ रही है। राजा भैया की रामकथा, बृजभूषण शरण सिंह की राष्ट्रकथा और मनोज पांडेय की शिवमहापुराण कथा जैसे आयोजन इस बदलते राजनीतिक माहौल की तस्वीर पेश कर रहे हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में यह 'कथा पॉलिटिक्स' नेताओं को कितना राजनीतिक फायदा पहुंचाती है और धार्मिक मंचों से बना जनसंपर्क चुनावी नतीजों पर कितना असर डालता है।
चेन्नई • खेल • पृष्ठ 1
एमएस धोनी ने IPL से लिया संन्यास, अब CSK के मेंटॉर बनेंगे माही
एमएस धोनी का आईपीएल करियर करीब दो दशक तक चला। साल 2008 में आईपीएल की शुरुआत से ही वह चेन्नई सुपर किंग्स का अहम हिस्सा रहे।
क्रिकेट जगत से महेंद्र सिंह धोनी के फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है। भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी और चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान एमएस धोनी ने आईपीएल में अपने खिलाड़ी के तौर पर सफर को विराम दे दिया है। अब वह मैदान पर खिलाड़ी के रूप में नहीं, बल्कि चेन्नई सुपर किंग्स के मेंटॉर की भूमिका में नजर आएंगे। चेन्नई सुपर किंग्स ने 17 नवंबर को सोशल मीडिया के जरिए इसकी आधिकारिक घोषणा की। फ्रेंचाइजी ने अपने संदेश में धोनी को एक ऐसा खिलाड़ी बताया, जो जिंदगी में एक बार आता है। साथ ही कहा कि उन्होंने टीम को कई जीत दिलाई हैं और अब वह नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देंगे। धोनी का यह फैसला ऐसे समय आया है, जब आईपीएल 2027 के लिए सभी टीमों की रिटेंशन लिस्ट जारी होने की तैयारी चल रही है। एमएस धोनी का आईपीएल करियर करीब दो दशक तक चला। साल 2008 में आईपीएल की शुरुआत से ही वह चेन्नई सुपर किंग्स का अहम हिस्सा रहे। उनकी कप्तानी में CSK ने 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में कुल पांच बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया। धोनी की पहचान मैदान पर शांत स्वभाव, मुश्किल परिस्थितियों में सही फैसले लेने और खिलाड़ियों पर भरोसा जताने के लिए रही है। उन्होंने अपनी कप्तानी में कई खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका दिया और चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल की सबसे चर्चित फ्रेंचाइजी में शामिल करने में अहम भूमिका निभाई। साल 2024 में उन्होंने कप्तानी की जिम्मेदारी ऋतुराज गायकवाड़ को सौंप दी थी, लेकिन टीम के साथ उनका जुड़ाव लगातार बना रहा। आईपीएल 2026 में धोनी एक भी मुकाबला नहीं खेल पाए थे, हालांकि वह टीम के साथ जुड़े रहे और स्टेडियम में उनकी मौजूदगी को लेकर फैंस में हमेशा उत्साह देखने को मिला। अब आईपीएल 2027 से वह मेंटॉर के रूप में टीम के खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देंगे। उनकी नई भूमिका में अनुभव और रणनीतिक समझ के जरिए युवा खिलाड़ियों को तैयार करने में मदद मिलने की उम्मीद है। इस फैसले के साथ ही धोनी के आईपीएल खिलाड़ी के रूप में सफर का अंत हो गया है, लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स के साथ उनका रिश्ता आगे भी जारी रहेगा। धोनी के इस नए अध्याय से जहां चेन्नई के प्रशंसक भावुक हैं, वहीं अब सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि मेंटॉर के रूप में माही टीम को किस तरह नई दिशा देते हैं।
मनेन्द्रगढ़, चिरमिरी, भरतपुर, छत्तीसगढ़ • छत्तीसगढ़ • पृष्ठ 1
मनेन्द्रगढ़ में दो व्यापारियों की दुकानों में चोरी का खुलासा! पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार, 65 हजार का माल बरामद
छत की शीट उखाड़कर उड़ाए 40 हजार, फैक्ट्री से चुराए 4 मोटर पंप! मनेन्द्रगढ़ पुलिस ने दबोचे 4 आरोपी
प्रेस विज्ञप्ति जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (छत्तीसगढ़)दिनाँक 17/11/2026 *दो व्यापारी के यहाँ चोरी के मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार,* 🔴थाना सिटी कोतवाली मनेन्द्रगढ़ पुलिस की कार्रवाई 🔴 चोरी हुए 4 बड़े मोटर पंप बरामद एवं रकम 5000/जप्त 🔴कुल 65हजार का माल मशरुका बरामद प्रकरण मे दिनांक 24.10.2026 को (1)प्रार्थी हसन पिता स्व. मनव्वर, उम्र 40 वर्ष, निवासी पेण्ड्रा दफाई, थाना मनेन्द्रगढ़ की मौखिक रिपोर्ट पर उनके स्टेसनरी दुकान की छत शीट निकाल कर 40 हजार चोरी का थाना सिटी कोतवाली मनेन्द्रगढ़ में अपराध क्रमांक 262/2026, धारा 331(4), 305 एवं 3(5) bns अपराध पंजीबद्ध एवं दिनांक 12/11/2026को (2)प्रार्थी मोती उर्र रहमान पिता स्व मो खलील, उम्र 46वर्ष नि स्टेट बैंक के पीछे मनेंद्रगढ़ की रिपोर्ट पर की उनके ग्लास बनाने के अंडर ग्राउंड फक्ट्री से 4नग बड़े मोटर पंप अज्ञात चोर ले गए थे की रिपोर्ट पर अप क्र 290/2026धारा 331(4),305(ए ), 3(5)bns पंजीबद्ध कर विवेचना दौरान अज्ञात चोरों का पतासाजी प्रारम्भ किया. उक्त दोनों मामलो मे मुखबिर की सुचना पर संदेही (1)अंकित पिता संदीप सिंह, उम्र 18 वर्ष 06 माह, निवासी वार्ड क्रमांक 22, केवट मोहल्ला, आमाखेरवा,(2) शेखर राज पिता श्री बाला उम्र 18 वर्ष निवासी पेंड्रा दफाई वार्ड 09 मानेंद्र गढ़ को पकड़ कर पूछताछ पर स्टेशनरी दुकान से रकम चुराना स्वीकार बताया दोनों आरोपियों ने चोरी की गई रकम प्रत्येक 20,000 रुपये आपस में बांटना एवं पीने खाने में खर्च करना बताया। आरोपियों द्वारा प्रस्तुत रकम 5000/को विधिवत जप्त कर पुलिस कब्जे में लिया गया।एवं संदेही (1)अंकित उर्फ अनुपम खरे पिता मन्नू लाल निवासी टीना दफाई छोटा बाजार चिरमिरी (2)देव उर्फ देव यादव पिता श्री केशव यादव जाति अहीर घोड़ा मोहल्ला थाना मने द्रगढ़ (3)शेखर राज पिता वाला 18 वर्ष निवासी पेंड्रा दवाई थाना मने द्रगढ़ वह पकड़ कर पूछताछ करने पर बताया कि उक्त तीनों आरोपियों ने घटना दिनांक की रात्रि में प्रार्थी के फैक्ट्री से चार बड़े मोटर चोरी किया था जिसे उक्त तीनों आरोपियों के कब्जे बरामद किया गया. पुलिस द्वारा व्यापारियों के यहाँ चोरी करने वाले चारों आरोपियों को दिनांक 16.11.2026 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। कार्यवाही मे निरीक्षक विवेक पाटले थाना प्रभारी सिटी कोतवाली मनेंद्र गढ़, psi विकास देवांगन, psi भरत यादव, hc नवीन, hc राजकुमार सेन, hc सुनील रजक, co अमित गुप्ता co प्रमोद यादव, co टोप्पो lc शांति शामिल रहे. जिला एमसीबी पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा चोरी अपराध की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस को दें। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
भारतीय क्रिकेट • खेल • पृष्ठ 1
धोनी ने पत्नी साक्षी को दिया खास बर्थडे सरप्राइज! खुद ड्राइव कर पहुंचे झारखंड की खूबसूरत वादियों में
साक्षी के जन्मदिन पर रोमांटिक हुए माही! पतरातू घाटी में मनाया खास जश्न, तस्वीरें वायरल
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अपनी पत्नी साक्षी धोनी का 38वां जन्मदिन बेहद खास अंदाज में मनाया। 19 नवंबर को जन्मदिन के मौके पर माही खुद कार ड्राइव करके साक्षी को झारखंड की खूबसूरत पतरातू घाटी की सैर पर लेकर पहुंचे। साक्षी ने सोशल मीडिया पर इस खास ट्रिप की तस्वीरें और वीडियो साझा किए, जिनमें वह हरे रंग के खूबसूरत निट कार्डिगन में नजर आईं, वहीं धोनी भी अपने सादगी भरे अंदाज में दिखाई दिए। दोनों ने पतरातू की पहाड़ियों और पतरातू आइलैंड में यादगार समय बिताया। इस दौरान धोनी को देखने के लिए प्रशंसकों की भीड़ जुट गई और उन्होंने भी फैंस के साथ तस्वीरें खिंचवाईं। साक्षी ने जन्मदिन की खास प्लानिंग के लिए धोनी का आभार जताते हुए सोशल मीडिया पर खूबसूरत संदेश भी साझा किया। रांची से करीब 40-50 किलोमीटर दूर स्थित पतरातू घाटी अपनी हरियाली, घुमावदार सड़कों और खूबसूरत पहाड़ियों के लिए मशहूर है।
राजस्थान • देश विदेश • पृष्ठ 1
राजस्थान पंचायत चुनाव में मंत्री झाबर सिंह खर्रा को झटका! पत्नी शांति देवी 57 वोटों से हारीं
राजस्थान पंचायत चुनाव रिजल्ट: मंत्री की पत्नी की हार से सियासी हलचल, राजेंद्र राठौड़ के बेटे जीते!
राजस्थान पंचायत चुनाव 2026 के नतीजों में सीकर जिले की श्रीमाधोपुर पंचायत समिति से बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। राजस्थान सरकार में नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी शांति देवी खर्रा को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। शांति देवी वार्ड संख्या 17 से चुनाव मैदान में थीं और उन्हें 57 वोटों के अंतर से हार मिली। इस चुनाव में मंत्री के बेटे अजय सिंह और दुर्गा सिंह भी मैदान में थे। पंचायत चुनाव में कई दिग्गज नेताओं और राजनीतिक परिवारों के सदस्यों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। वहीं, पूर्व भाजपा नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम राठौड़ ने जीत दर्ज की है। राजस्थान के 37 जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों की मतगणना जारी रही, जिसमें भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला देखने को मिला।
#GoldPrice, #SilverPrice, #GoldSilverCrash, #GoldRateToday, #SilverRateToday, #G • उत्तर प्रदेश • पृष्ठ 1
Gold-Silver Crash: सोना ₹70 हजार और चांदी ₹2.73 लाख तक सस्ती, बाजार में मचा हड़कंप!
सोने-चांदी की कीमतों में ऐतिहासिक गिरावट! डॉलर की मजबूती और Fed के फैसले का दिखा असर
देशभर में सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट से सर्राफा बाजार में हलचल मच गई है। शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना खुलते ही 5 हजार रुपये से अधिक टूट गया, जबकि चांदी की कीमत में भी करीब 8 हजार रुपये प्रति किलो की गिरावट दर्ज की गई। रिकॉर्ड हाई स्तर से तुलना करें तो सोना करीब 70 हजार रुपये और चांदी लगभग 2.73 लाख रुपये तक सस्ती हो चुकी है। बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, अमेरिकी डॉलर की मजबूती, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से दिसंबर में ब्याज दरें बढ़ाए जाने की आशंका, महंगाई और बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी के चलते कीमती धातुओं पर दबाव बना हुआ है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने-चांदी की कीमतों में तेज गिरावट देखने को मिल रही है। अब निवेशकों और आम खरीदारों की नजर अमेरिकी फेडरल रिजर्व की आगामी बैठक पर टिकी है, जिसके फैसले से सोने-चांदी की कीमतों की अगली दिशा तय हो सकती है
गोरखपुर • उत्तर प्रदेश • पृष्ठ 1
गोरखपुर पहुंचे बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, संजय निषाद से की मुलाकात
निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद के आवास पर हुआ स्वागत, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी समेत कई नेता रहे मौजूद
गोरखपुर— मा० राष्ट्रीय अध्यक्ष— बीजेपी श्री नितिन नवीन जी पहुँचे, मा० राष्ट्रीय अध्यक्ष— निषाद पार्टी डॉ संजय निषाद जी के आवास पर। डॉ निषाद जी ने मा० नितिन नवीन जी का स्वागत किया। मा० केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष बीजेपी श्री पंकज चौधरी जी भी साथ में मौजूद। डॉ अमित निषाद, विधायक सरवन निषाद, इ० प्रवीण निषाद, रविन्द्र मणि निषाद भी मौजूद। फोटो विवरण गोरखपुर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद के आवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की। इस दौरान डॉ. संजय निषाद ने नितिन नवीन का स्वागत किया। मुलाकात के दौरान केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी भी मौजूद रहे। इसके अलावा डॉ. अमित निषाद, विधायक सरवन निषाद, इंजीनियर प्रवीण निषाद और रविंद्र मणि निषाद भी कार्यक्रम में शामिल हुए। नितिन नवीन के इस दौरे को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा रही। हालांकि, मुलाकात के दौरान किन मुद्दों पर बातचीत हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
नई दिल्ली • देश विदेश • पृष्ठ 2
शेयर बाजार में तूफानी तेजी! सेंसेक्स 800 अंक उछला, निफ्टी 25,500 के पार, जानिए क्यों अचानक दौड़ पड़ा बाजार
शेयर बाजार में तूफानी तेजी! सेंसेक्स 800 अंक उछला, निफ्टी 25,500 के पार, ये 5 वजह बनीं गेमचेंजर
दिवाली के बाद भी भारतीय शेयर बाजार में तेजी का सिलसिला जारी है। मंगलवार, 17 नवंबर 2026 को घरेलू शेयर बाजार में जोरदार खरीदारी देखने को मिली। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों हरे निशान में कारोबार करते नजर आए। कारोबार के दौरान बीएसई सेंसेक्स करीब 800 अंक उछलकर 82,897 के स्तर तक पहुंच गया, जबकि एनएसई निफ्टी ने 25,500 का आंकड़ा पार कर लिया। बाजार में इस तेजी के पीछे विदेशी निवेशकों की लगातार खरीदारी, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट, रुपये की मजबूती और बैंकिंग शेयरों में जबरदस्त खरीदारी को प्रमुख वजह माना जा रहा है। खास बात यह है कि वैश्विक बाजारों में कमजोरी के बावजूद भारतीय शेयर बाजार ने मजबूती दिखाई। जहां दुनिया के कई बाजारों में टेक्नोलॉजी शेयरों को लेकर दबाव बना हुआ है, वहीं भारतीय बाजार में निवेशकों का भरोसा बढ़ता नजर आया। नवंबर महीने में विदेशी निवेशकों की वापसी ने भी बाजार को नई गति दी है। मंगलवार के कारोबार में बैंकिंग शेयरों ने बाजार को मजबूती देने में अहम भूमिका निभाई। ICICI बैंक, एक्सिस बैंक, SBI, एलएंडटी और महिंद्रा एंड महिंद्रा जैसे शेयरों में खरीदारी देखने को मिली। वहीं, निफ्टी मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में भी बढ़त दर्ज की गई। शेयर बाजार में तेजी की 5 बड़ी वजहें 1. कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत 92 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गई। तेल की कीमतों में गिरावट भारत जैसे बड़े तेल आयातक देश के लिए राहत मानी जाती है। इससे आयात बिल और महंगाई का दबाव कम होने की उम्मीद रहती है। इसका सकारात्मक असर रुपये और शेयर बाजार पर भी देखने को मिला। 2. विदेशी निवेशकों की जोरदार वापसी भारतीय शेयर बाजार में विदेशी संस्थागत निवेशकों यानी FII की खरीदारी तेजी से बढ़ी है। नवंबर महीने में विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयरों में करीब 89,856 करोड़ रुपये का निवेश किया है। लगातार हो रही खरीदारी से बाजार को मजबूती मिली है। 3. रुपये में मजबूती डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये में सुधार देखने को मिला। विदेशी निवेश का बढ़ना और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी रुपये को समर्थन दे रही है। रुपये की मजबूती से आयात पर निर्भर कंपनियों को भी राहत मिलने की उम्मीद है। 4. कंपनियों के शानदार तिमाही नतीजे भारतीय कंपनियों के दूसरी तिमाही के नतीजों ने भी निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है। वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल शुद्ध मुनाफा करीब 4.92 लाख करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की समान तिमाही के मुकाबले लगभग 29.8 फीसदी अधिक है। 5. बैंकिंग शेयरों में खरीदारी बाजार की तेजी में बैंकिंग सेक्टर की अहम भूमिका रही। ICICI बैंक, एक्सिस बैंक और भारतीय स्टेट बैंक जैसे शेयरों में खरीदारी ने प्रमुख सूचकांकों को सहारा दिया। निफ्टी बैंक में भी मजबूती देखने को मिली। इसके अलावा रियल्टी, ऑटो और अन्य सेक्टरों के शेयरों में भी खरीदारी रही। किन शेयरों में दिखी सबसे ज्यादा हलचल? 17 नवंबर के कारोबार में एशियन पेंट्स, एक्सिस बैंक, SBI, TCS, महिंद्रा एंड महिंद्रा और अन्य प्रमुख शेयरों में तेजी देखने को मिली। वहीं, पावर ग्रिड और टेक महिंद्रा जैसे कुछ शेयरों में गिरावट भी दर्ज की गई। यानी बाजार में तेजी के बावजूद सभी कंपनियों के शेयर एक समान नहीं चढ़े। निवेशकों के लिए क्या है संकेत? शेयर बाजार में आई इस तेजी से निवेशकों का उत्साह बढ़ा है। हालांकि, बाजार की आगे की दिशा वैश्विक परिस्थितियों, कच्चे तेल की कीमतों, विदेशी निवेशकों की गतिविधियों और कंपनियों के वित्तीय प्रदर्शन पर निर्भर करेगी। विशेषज्ञों के मुताबिक निफ्टी के लिए 25,400 से 25,500 का स्तर निकट अवधि में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसे में निवेशकों को बाजार की चाल पर नजर रखने के साथ सोच-समझकर फैसले लेने की जरूरत है। कुल मिलाकर, विदेशी निवेशकों की वापसी, कच्चे तेल में नरमी, रुपये की मजबूती और कंपनियों के बेहतर नतीजों ने भारतीय शेयर बाजार को नई रफ्तार दी है। हालांकि, शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन है और केवल तेजी देखकर निवेश का फैसला करना उचित नहीं है।
भारत और दक्षिण • देश विदेश • पृष्ठ 2
ASEAN देशों के लिए PM मोदी का बड़ा ऐलान! भारतीय पर्यटकों को मिलेगा फ्री ई-वीजा, समुद्री सुरक्षा से लेकर परमाणु ऊर्जा तक बनेगी नई साझेदारी
भारत-आसियान की दोस्ती होगी और मजबूत! मोदी ने रखे 9 बड़े प्रस्ताव, फ्री वीजा से लेकर स्पेस हैकाथॉन तक तैयारी
भारत और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के बीच रिश्तों को नई मजबूती देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई अहम प्रस्ताव रखे हैं। फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित 23वें भारत-आसियान शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी ने पर्यटन, समुद्री सुरक्षा, परमाणु ऊर्जा, अंतरिक्ष तकनीक, साइबर सुरक्षा और युवाओं के आदान-प्रदान को लेकर कई महत्वपूर्ण पहल का सुझाव दिया। इन प्रस्तावों में सबसे खास है आसियान देशों के पर्यटकों को भारत आने के लिए मुफ्त इलेक्ट्रॉनिक वीजा यानी फ्री ई-वीजा की सुविधा देना। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और आसियान देश मिलकर दुनिया की लगभग एक चौथाई आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं। ऐसे में दोनों पक्षों का भविष्य प्रतिस्पर्धा के बजाय सहयोग से तय होना चाहिए। उन्होंने क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए आपसी साझेदारी को और मजबूत करने पर जोर दिया। विदेश मंत्रालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, इस शिखर सम्मेलन में भारत और आसियान देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही आने वाले वर्षों में सहयोग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए कई प्रस्ताव सामने रखे गए। आसियान देशों के पर्यटकों को मिलेगा फ्री ई-वीजा पीएम मोदी के प्रस्तावों में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मुफ्त ई-वीजा की सुविधा महत्वपूर्ण है। इसके तहत आसियान देशों से भारत आने वाले पर्यटकों को फ्री इलेक्ट्रॉनिक वीजा उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा गया है। इसका उद्देश्य भारत और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के बीच पर्यटन और लोगों के आपसी संपर्क को बढ़ावा देना है। इस पहल से भारत घूमने आने वाले पर्यटकों को सुविधा मिलने की उम्मीद है। साथ ही दोनों क्षेत्रों के बीच सांस्कृतिक संबंधों, व्यापारिक संपर्क और लोगों के बीच मेलजोल को भी बढ़ावा मिल सकता है। समुद्री सुरक्षा के लिए बनेगा दीर्घकालिक सहयोग प्लान प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और आसियान देशों के बीच दीर्घकालिक समुद्री सहयोग योजना बनाने का प्रस्ताव भी रखा। इस योजना के तहत समुद्री संपर्क, वैज्ञानिक अनुसंधान, आपदा प्रबंधन, तटरक्षक बलों के बीच सहयोग और समुद्री सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर मिलकर काम किया जाएगा। इसके अलावा समुद्र में जहाजों की आवाजाही की निगरानी और नाविकों की सुरक्षा को भी इस योजना का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने का प्रस्ताव है। हिंद-प्रशांत क्षेत्र अंतरराष्ट्रीय व्यापार और समुद्री परिवहन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में भारत और आसियान देशों के बीच समुद्री सहयोग बढ़ने से क्षेत्रीय सुरक्षा और आपसी संपर्क को मजबूती मिल सकती है। परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में भी बढ़ेगा सहयोग पीएम मोदी ने परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में तकनीकी आदान-प्रदान को लेकर भी प्रस्ताव रखा। इसके तहत भारत और आसियान देशों के विशेषज्ञों के बीच प्रशिक्षण, तकनीकी जानकारी और अनुभव साझा करने के अवसर विकसित किए जाएंगे। ऊर्जा की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए परमाणु ऊर्जा के शांतिपूर्ण इस्तेमाल और तकनीकी क्षमता निर्माण में यह सहयोग महत्वपूर्ण हो सकता है। इसके जरिए दोनों पक्ष ऊर्जा और विज्ञान के क्षेत्र में एक-दूसरे के अनुभवों का लाभ उठा सकेंगे। साइबर सुरक्षा और अंतरिक्ष तकनीक पर भी जोर डिजिटल दुनिया में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए प्रधानमंत्री ने संयुक्त साइबर फॉरेंसिक प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने का प्रस्ताव दिया। इसका उद्देश्य क्षेत्र के देशों की साइबर जांच और डिजिटल अपराधों से निपटने की क्षमता को मजबूत करना है। इसके अलावा भारत और आसियान देशों के युवाओं के लिए स्पेस हैकाथॉन आयोजित करने का प्रस्ताव भी रखा गया। इस पहल के जरिए अंतरिक्ष विज्ञान, तकनीकी नवाचार और नए विचारों पर मिलकर काम करने का अवसर मिलेगा। महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में बनेगी साझेदारी बैटरी, इलेक्ट्रिक वाहन, सेमीकंडक्टर और आधुनिक तकनीक के विकास में महत्वपूर्ण खनिजों की भूमिका लगातार बढ़ रही है। इसे ध्यान में रखते हुए पीएम मोदी ने भारत और आसियान देशों के बीच खनन और क्रिटिकल मिनरल्स के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने का सुझाव दिया। इससे जरूरी खनिजों की आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने और तकनीकी उद्योगों के लिए नए अवसर विकसित करने में मदद मिल सकती है। युवाओं और शिक्षा को जोड़ने की पहल प्रधानमंत्री ने भारत और आसियान देशों के युवाओं को एक-दूसरे के करीब लाने के लिए ASEAN-India Youth Connect पहल का प्रस्ताव रखा। इसके तहत युवा सम्मेलन, युवा सांसदों के बीच आदान-प्रदान और स्टार्टअप हैकाथॉन आयोजित करने की योजना शामिल है। इसके अलावा नालंदा विश्वविद्यालय में आसियान देशों के विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्तियों की संख्या बढ़ाने का भी प्रस्ताव रखा गया। इससे शिक्षा, शोध और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिल सकता है। वहीं, WAVES 2027 में ASEAN-India Creative Partnership Pavilion स्थापित करने का प्रस्ताव भी सामने आया है, जिसका उद्देश्य रचनात्मक उद्योगों और सांस्कृतिक साझेदारी को आगे बढ़ाना है। भारत की एक्ट ईस्ट नीति को मिलेगी नई गति पीएम मोदी ने कहा कि भारत और आसियान देशों के बीच संबंध केवल व्यापार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनकी जड़ें साझा संस्कृति, इतिहास और सभ्यतागत संपर्कों में भी हैं। भारत की एक्ट ईस्ट नीति ने इन रिश्तों को नई गति दी है। प्रधानमंत्री ने यह भी रेखांकित किया कि साल 2027 भारत और आसियान संबंधों के लिए विशेष महत्व रखेगा। इस दौरान दोनों पक्ष अपने संवाद संबंधों के 35 वर्ष और व्यापक रणनीतिक साझेदारी के पांच वर्ष पूरे होने का उत्सव मनाएंगे। शिखर सम्मेलन के दौरान नेताओं ने आपदा प्रबंधन में सहयोग को लेकर संयुक्त बयान भी अपनाया। कुल मिलाकर, मनीला में आयोजित 23वें भारत-आसियान शिखर सम्मेलन में सामने आए प्रस्ताव पर्यटन से लेकर तकनीक, समुद्री सुरक्षा, ऊर्जा और शिक्षा तक सहयोग का दायरा बढ़ाने पर केंद्रित हैं। अब इन प्रस्तावों को किस तरह लागू किया जाता है, इस पर दोनों पक्षों के भविष्य के संबंधों की दिशा निर्भर करेगी।