गुरुकुल हॉस्टल में 20 छात्राओं की चोटियां कटीं, स्कूल इंचार्ज बोलीं- बाहरी नहीं, छात्राओं की शरारत!
आंध्र प्रदेश के पलनाडु जिले में स्थित एक गुरुकुल बालिका विद्यालय के हॉस्टल में छात्राओं की चोटियां काटे जाने का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। घटना को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह के दावे किए जा रहे थे। शुरुआत में आशंका जताई गई कि आधी रात को कुछ अज्ञात लोग गर्ल्स हॉस्टल में घुस आए और सो रही छात्राओं के बाल काटकर फरार हो गए। हालांकि, अब स्कूल की इंचार्ज ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा है कि इस घटना में किसी बाहरी व्यक्ति का हाथ नहीं है, बल्कि स्कूल के अंदर ही कुछ छात्राओं ने शरारत में ऐसा किया।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला आंध्र प्रदेश के पलनाडु जिले के सत्तेनपल्ली मंडल के रामकृष्णपुरम गांव में स्थित डॉ. बीआर अंबेडकर गुरुकुल बालिका विद्यालय का है। यहां हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं की चोटियां काटे जाने की घटनाएं सामने आईं। रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले चार दिनों के दौरान तीन अलग-अलग घटनाओं में करीब 20 छात्राओं के बाल काटे जाने की बात सामने आई है। इनमें सातवीं और आठवीं कक्षा की छात्राएं शामिल बताई जा रही हैं।
सुबह जब छात्राएं सोकर उठीं तो उन्हें अपने बाल कटे हुए मिले। इसके बाद हॉस्टल में रहने वाली बच्चियों और उनके अभिभावकों के बीच चिंता फैल गई। मामला सामने आने के बाद अभिभावक स्कूल पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जांच कराने की मांग की।
स्कूल इंचार्ज ने बाहरी लोगों की भूमिका से किया इनकार
मामले पर स्कूल इंचार्ज राजिनी कुमारी ने सफाई देते हुए कहा कि हॉस्टल में किसी बाहरी व्यक्ति ने प्रवेश नहीं किया था। उन्होंने दावा किया कि छात्राओं के बाल काटने की घटना स्कूल के अंदर ही हुई और इसमें कुछ साथी छात्राओं की शरारत शामिल थी।
इंचार्ज ने सोशल मीडिया पर बाहरी लोगों के हॉस्टल में घुसने की खबरों को भ्रामक बताया। उनका कहना है कि बिना पूरी जानकारी के गलत खबरें फैलाने से स्कूल की छवि प्रभावित हो रही है और अभिभावकों में अनावश्यक डर पैदा हो सकता है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि भ्रामक जानकारी फैलाने वाले कुछ लोगों की पहचान की गई है और शिक्षा विभाग के माध्यम से उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराने की बात कही गई है।
अभिभावकों ने उठाए हॉस्टल की सुरक्षा पर सवाल
दूसरी तरफ, छात्राओं के अभिभावक स्कूल प्रबंधन के जवाब से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं। उनका सवाल है कि अगर यह घटना हॉस्टल के अंदर हुई तो लगातार कई दिनों तक ऐसी घटनाएं कैसे होती रहीं? छात्राओं की निगरानी और रात के समय सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी किसकी थी?
अभिभावकों ने सत्तेनपल्ली के राजस्व मंडल अधिकारी (RDO) से मामले की विस्तृत जांच कराने की मांग की। उनका कहना है कि स्कूल प्रबंधन को घटना की जानकारी समय रहते अभिभावकों को देनी चाहिए थी।
प्रशासन ने भी शुरू की पड़ताल
मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने हॉस्टल पहुंचकर छात्राओं से बातचीत की। शुरुआती पूछताछ में छात्राओं की ओर से एक-दूसरे के बाल काटने की बात सामने आने की जानकारी दी गई है। पुलिस के अनुसार, परिसर में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश का कोई सबूत सामने नहीं आया है और अभिभावकों की ओर से औपचारिक शिकायत मिलने की भी जानकारी नहीं दी गई।
हालांकि, अभिभावक तीनों घटनाओं की पूरी जांच और हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की मांग कर रहे हैं।
अब जांच के बाद ही साफ होगी सच्चाई
फिलहाल स्कूल इंचार्ज का दावा है कि इस घटना में बाहरी लोगों की कोई भूमिका नहीं है और यह छात्राओं की आपसी शरारत का मामला है। वहीं अभिभावक लगातार सुरक्षा व्यवस्था और स्कूल प्रबंधन की जवाबदेही पर सवाल उठा रहे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और छात्राओं के बाल काटने के पीछे वास्तव में कौन जिम्मेदार है।