बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह इन दिनों अपनी बेटी शिवांगी की शाही शादी को लेकर चर्चा में हैं। इसी बीच भोजपुरी की मशहूर सिंगर कल्पना पटवारी ने अनंत सिंह से जुड़ा एक पुराना किस्सा सुनाकर सबका ध्यान खींच लिया है। कल्पना ने बताया कि करियर के शुरुआती दिनों में वह बिहार के एक कार्यक्रम में पहुंची थीं, जहां कई लोग बंदूक लेकर घूम रहे थे और सामने अनंत सिंह भी मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान लगातार गाने के बाद थक जाने पर कल्पना ने आगे गाने से साफ इनकार कर दिया। वहां मौजूद लोगों ने उन्हें समझाया कि सामने बैठे व्यक्ति छोटे सरकार यानी अनंत सिंह हैं और उनसे पांच गाने और गाने की गुजारिश की, लेकिन कल्पना अपने फैसले पर अड़ी रहीं। सिंगर के मुताबिक, उस कार्यक्रम में गोलियां भी चली थीं, लेकिन उन्हें उस समय अनंत सिंह के रसूख और दबदबे की जानकारी नहीं थी। बाद में जब उन्हें पूरी बात पता चली तो वह खुद हैरान रह गईं। कल्पना ने यह भी बताया कि घटना के बाद अनंत सिंह ने खुद उन्हें फोन किया और प्यार से 'बउआ' कहकर बात की। उन्होंने साफ किया कि अनंत सिंह ने कभी उनके साथ बदसलूकी नहीं की थी। अब बेटी की शादी के बीच उनका यह पुराना किस्सा एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।