जब दिल में अपनापन और एक-दूसरे का साथ निभाने का जज्बा हो तो जिंदगी के किसी भी पड़ाव पर नई शुरूआत की जा सकती है। इसकी मिसाल बिलासपुर जिले के देवली स्थित अपना घर वृद्धाश्रम में देखने को मिली है। यहां 63 वर्षीय सवीना और 75 वर्षीय कन्हैया लाल के बीच पनपे प्रेम ने दोनों की जिंदगी को एक नई दिशा दे दी है। अब दोनों 25 नवम्बर को विवाह के बंधन में बंध रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, कोलकाता की रहने वाली 63 वर्षीय सवीना और मंडी जिले के जंजैहली निवासी 75 वर्षीय कन्हैया लाल की जिंदगी में हालात ने ऐसे मोड़ लिए कि दोनों अपनों से दूर होकर वृद्धाश्रम पहुंच गए। कन्हैया लाल करीब चार साल पहले तक अपने गांव में खोतीबाड़ी कर जीवनयापन करते थे। उनकी कोई संतान नहीं थी। उन्होंने अपनी जमीन भाइयों के नाम कर दी, लेकिन बाद में उन्हीं भाइयों ने उन्हें अपने घर से बेदखल कर दिया। अपनों से मिले इस गहरे आघात ने उनकी मानसिक स्थिति पर भी असर डाला और वह जंगल में एक गुफा में रहने लगा। इसी दौरान अपना घर वृद्धाश्रम देवली के संचालक एडवोकेट प्रकाश चंद बंसल की टीम को उनके बारे में जानकारी मिली। टीम ने उन्हें आश्रम में आश्रय दिया और उनकी देखभाल शुरू की।

वहीं, सवीना भी जिंदगी के संघर्षों से गुजर रही थी। वह घूमने के लिए निकली थी और सफर करते हुए शिमला के मशोबरा पहुंच गई। वहां रास्ता भटकने और मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण पुलिस ने उन्हें रैस्क्यू कर नारी निकेतन मशोवरा पहुंचाया। कुछ समय वहां रहने के बाद उन्हें बिलासपुर स्थित अपना घर वृद्धाश्रम देवली में स्थानांतरित कर दिया गया। आश्रम में ही सवीना और कन्हैया लाल की मुलाकात हुई। घर धीरे-धीरे यह दोस्ती प्रेम में बदल गई।



