प्रेस नोट
दिनांकः 27 नवम्बर, 2026
*मोटर वाहन चालानों के त्वरित निस्तारण के लिए पीआरवी वैन को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना*
लखनऊ। माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ श्री मलखान सिंह द्वारा आज दिनांक 27 नवम्बर, 2026 को प्रातः 10 बजे न्यायालय परिसर से मोटर वाहन चालानों के त्वरित निस्तारण एवं विशेष लोक अदालत तथा राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु पीआरवी वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस अवसर पर माननीय जनपद न्यायाधीश ने बताया कि मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत न्यायालयों में लंबित शमनीय (Compoundable) चालानों एवं यातायात से संबंधित वादों के त्वरित एवं सरल निस्तारण के उद्देश्य से दिनांक 28 नवम्बर, 2026 को जनपद न्यायालय, लखनऊ में विशेष लोक अदालत तथा 12 दिसम्बर, 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान-3.0 का आयोजन भी 01 अगस्त से 30 दिसम्बर, 2026 तक किया जा रहा है। इसका उद्देश्य पक्षकारों के मध्य आपसी संवाद एवं सुलह-समझौते के माध्यम से विवादों का शीघ्र एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है।
पीआरवी वैन जनपद की समस्त तहसीलों एवं दूर-दराज के क्षेत्रों में जाकर विशेष लोक अदालत एवं राष्ट्रीय लोक अदालत के उद्देश्यों तथा इनके माध्यम से मिलने वाले लाभों की जानकारी आमजन को उपलब्ध कराएगी।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती सोनाली पुनिया ने बताया कि विशेष लोक अदालत में मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत लंबित शमनीय चालानों एवं यातायात संबंधी वादों का निस्तारण किया जाएगा। इसके लिए वाहन स्वामियों एवं चालानकर्ताओं को अपने वाहन के मूल दस्तावेज (आरसी, ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा आदि), चालान की प्रति तथा वैध पहचान पत्र साथ लाना होगा।
कार्यक्रम में अपर जिला जज/नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत श्री प्रकाश तिवारी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती सोनाली पुनिया सहित समस्त न्यायिक अधिकारीगण, कर्मचारीगण, पराविधिक स्वयंसेवक, पैनल अधिवक्ता एवं डिफेंस काउंसिल के अधिवक्तागण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर माननीय जनपद न्यायाधीश ने जनपद के समस्त नागरिकों, वाहन स्वामियों एवं वाहन चालानकर्ताओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में विशेष लोक अदालत एवं राष्ट्रीय लोक अदालत में उपस्थित होकर अपने लंबित मोटर वाहन चालानों का निस्तारण कराएं तथा लोक अदालत की सुविधा का लाभ उठाएं।



