साहित्य आजतक 2026 के मंच पर लोकप्रिय वेब सीरीज 'पंचायत' की टीम ने शिरकत की। इस दौरान अभिनेता फैसल मलिक, नीना गुप्ता और निर्देशक दीपक कुमार मिश्रा ने सीरीज के सफर, लोकप्रियता और आने वाले पांचवें सीजन को लेकर बातचीत की। पंचायत में प्रह्लाद चा का किरदार निभाने वाले फैसल मलिक ने बताया कि दर्शक अब उन्हें उनके असली नाम से कम और प्रह्लाद चा के नाम से ज्यादा पहचानते हैं। लोग उनसे अक्सर पूछते हैं कि प्रह्लाद चा कैसे हैं और पंचायत का अगला सीजन कब आएगा। फैसल ने कहा कि उनके किरदार ने लोगों के दिलों में खास जगह बनाई है। उन्होंने पंचायत की लोकप्रियता पर मजाकिया अंदाज में कहा कि शो ने लौकी को भी राष्ट्रीय सब्जी जैसा दर्जा दिला दिया है। फैसल ने प्रह्लाद के भावनात्मक किरदार को निभाने के लिए निर्देशक दीपक कुमार मिश्रा के साथ की गई मेहनत का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि सेट पर नीना गुप्ता और रघुबीर यादव सकारात्मक माहौल बनाए रखते हैं और पूरी टीम के बीच शानदार तालमेल है। फैसल ने पंचायत के पांचवें सीजन के पहले एपिसोड को देखने के बाद दावा किया कि नया सीजन पिछले चार सीजनों से 500 गुना ज्यादा बेहतर और मजेदार होगा। उनके मुताबिक, पंचायत की सबसे बड़ी ताकत इसकी सरल कहानी, शानदार लेखन, हास्य और गांव की जिंदगी से दर्शकों का जुड़ाव है।