भारत के रियल एस्टेट बाजार में निवेश का ट्रेंड तेजी से बदल रहा है। अब निवेशकों की दिलचस्पी केवल ऑफिस और रिटेल प्रॉपर्टी तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि होटल और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में भी जमकर पैसा लगाया जा रहा है। Colliers की रिपोर्ट के मुताबिक, जनवरी से सितंबर 2026 के दौरान भारत में रियल एस्टेट निवेश में सालाना आधार पर 39 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि होटल और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में निवेश पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले करीब 6 गुना बढ़ गया। इस दौरान ऑफिस प्रॉपर्टी निवेश का सबसे बड़ा क्षेत्र बनी रही, जिसकी कुल निवेश में 37 प्रतिशत हिस्सेदारी रही। वहीं, हॉस्पिटैलिटी और अल्टरनेटिव एसेट्स में निवेशकों की दिलचस्पी तेजी से बढ़ी है। खास बात यह है कि हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में लगभग पूरा निवेश विदेशी निवेशकों की ओर से आया, जबकि अल्टरनेटिव एसेट्स में करीब तीन-चौथाई हिस्सेदारी विदेशी निवेशकों की रही।
इसके अलावा, जनवरी-सितंबर 2026 के दौरान भारत में विदेशी निवेश में 17 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि कुल रियल एस्टेट निवेश में घरेलू निवेशकों की हिस्सेदारी 59 प्रतिशत रही। एशिया-पैसिफिक के नौ प्रमुख बाजारों में रियल एस्टेट निवेश 13 प्रतिशत बढ़कर 167 अरब डॉलर पहुंच गया। जापान 40.6 अरब डॉलर के निवेश के साथ सबसे आगे रहा, जबकि सिंगापुर में निवेश तीन गुना बढ़ा। रिपोर्ट के अनुसार, आने वाले 2027 में होटल, प्रीमियम ऑफिस, डेटा सेंटर और अन्य वैकल्पिक प्रॉपर्टी में निवेश के नए अवसर सामने आ सकते हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते इस्तेमाल से डेटा सेंटर की मांग भी बढ़ने की उम्मीद है।



