मंगलवार, 3 नवंबर 2026
लोकतंत्र लाइव टीवी लोगो
ब्रेकिंग

Delhi Police ACP Suspended: प्रदर्शन का नेतृत्व करने वाले मनस्वी वशिष्ठ सस्पेंड

दिल्ली पुलिस के ACP मनस्वी वशिष्ठ को पुलिस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन का नेतृत्व करने के बाद निलंबित कर दिया गया। जानिए पुलिस-वकील विवाद और पूरे मामले की वजह।

Shubhi Mishra

• Sr Video Editor, Lucknow

2 मिनट दिल्ली

शेयर करें:
Delhi Police ACP Suspended: प्रदर्शन का नेतृत्व करने वाले मनस्वी वशिष्ठ सस्पेंड

दिल्ली पुलिस में अनुशासन और अधिकारियों के अधिकारों को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। पुलिस मुख्यालय के बाहर अपने ट्रांसफर के विरोध में प्रदर्शन का नेतृत्व करने वाले असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (ACP) मनस्वी वशिष्ठ को 3 नवंबर 2026 को निलंबित कर दिया गया। यह कार्रवाई सोमवार को हुए प्रदर्शन के एक दिन बाद सामने आई। इस प्रदर्शन में दिल्ली पुलिस के बड़ी संख्या में जवान और अधिकारी शामिल हुए थे।

क्या है पूरा मामला?
दरअसल, यह विवाद 23 अक्टूबर को दिल्ली के शाहदरा पुलिस स्टेशन में पुलिसकर्मियों और वकीलों के बीच हुई झड़प के बाद शुरू हुआ था। इस घटना में एक वकील के सिर में गंभीर चोट लगने की बात सामने आई थी। इसके बाद वकीलों ने पुलिस के खिलाफ विरोध शुरू कर दिया और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।

विवाद बढ़ने के बाद 28 अक्टूबर को ACP मनस्वी वशिष्ठ का ट्रांसफर स्पेशल पुलिस यूनिट फॉर विमेन एंड चिल्ड्रन (SPUWAC) में कर दिया गया। वहीं, शाहदरा थाने के तत्कालीन SHO इंस्पेक्टर अरुण कुमार को सिक्योरिटी यूनिट में भेज दिया गया। इस फैसले से दिल्ली पुलिस के कई कर्मचारियों में नाराजगी फैल गई।

2 नवंबर को ACP मनस्वी वशिष्ठ और इंस्पेक्टर अरुण कुमार के ट्रांसफर के विरोध में दिल्ली पुलिस के जवान पुलिस मुख्यालय के बाहर जुटे। प्रदर्शन में महिला पुलिसकर्मियों समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने दोनों अधिकारियों को उनके पुराने पदों पर बहाल करने की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों ने वकीलों के साथ विवाद की घटनाओं में पुलिस अधिकारियों की सुरक्षा, जांच के दौरान दबाव और शिकायतों के समाधान के लिए अलग व्यवस्था बनाने की मांग भी रखी। प्रदर्शन के बाद पुलिसकर्मियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार से मुलाकात की और अपनी पांच मांगें सामने रखीं।

इस प्रदर्शन में ACP मनस्वी वशिष्ठ भी शामिल हुए थे और उन्होंने पुलिसकर्मियों को संबोधित किया था। उन्होंने पुलिसकर्मियों की समस्याओं और उनके सम्मान से जुड़े मुद्दे उठाए थे। प्रदर्शन के बाद 3 नवंबर को उनके निलंबन की खबर सामने आई। हालांकि, निलंबन आदेश के विस्तृत आधार और विभागीय कार्रवाई की पूरी जानकारी सार्वजनिक रूप से स्पष्ट नहीं हुई है।

पुलिस कमिश्नर ने सुनीं पुलिसकर्मियों की मांगें
प्रदर्शन के बाद पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पुलिसकर्मियों से बातचीत की। पुलिस की ओर से बताया गया कि उनकी शिकायतों और मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। अब ACP मनस्वी वशिष्ठ के निलंबन के बाद दिल्ली पुलिस विभाग में इस मामले को लेकर आगे क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर सबकी नजर बनी हुई है।

शेयर करें:

ये भी पढ़ें

और देखें →