उत्तराखंड के चमोली जिले में एक दर्दनाक हेलिकॉप्टर हादसे ने छह परिवारों की खुशियां छीन लीं। बद्रीनाथ धाम के दर्शन करके लौट रहे पांच दोस्तों की हेलिकॉप्टर दुर्घटना में मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि हेलिकॉप्टर में सवार किसी भी व्यक्ति को बचाया नहीं जा सका। पांचों यात्री बेंगलुरु के रहने वाले थे, जबकि छठे व्यक्ति हेलिकॉप्टर के पायलट थे।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजकर 14 मिनट पर Trans Bharat Aviation का हेलिकॉप्टर बद्रीनाथ धाम से देहरादून के सहस्त्रधारा के लिए रवाना हुआ था। जोशीमठ घाटी के ऊपर उड़ान के दौरान अचानक हेलिकॉप्टर का संपर्क टूट गया। इसके बाद करीब 2 बजकर 20 मिनट पर हेलिकॉप्टर हाथी पर्वत के पास पहाड़ी से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही सेना, पुलिस, ITBP, SDRF और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण राहत और बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। दुर्घटना में हेलिकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई।



