तीसरे चरण में 27 जिला परिषदों के 377 वार्डों और 116 पंचायत समितियों के 2,119 वार्डों के लिए चुनाव हो रहा है। जिला परिषद के 377 वार्डों में 1,305 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जबकि पंचायत समिति के 2,119 वार्डों के लिए 7,789 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस तरह कुल 9,094 प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला मतदाता करेंगे।
पुरुषों से लेकर महिलाओं तक, इतने मतदाता करेंगे मतदान
इस चरण में कुल 1,06,81,567 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 55,48,472 पुरुष, 51,33,051 महिला और 44 अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं। इतनी बड़ी संख्या में मतदाताओं के मतदान को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और मतदान प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
सुबह 7 से शाम 6 बजे तक वोटिंग
राजस्थान में तीसरे चरण का मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। मतदान के लिए 11,869 केंद्र बनाए गए हैं। प्रशासन की ओर से मतदान दलों को पहले ही प्रशिक्षण देकर चुनाव सामग्री के साथ रवाना किया गया था। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
भरतपुर, दौसा और हनुमानगढ़ में भी दिलचस्प मुकाबला
इस चरण में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर में भी चुनावी मुकाबला चर्चा में है। यहां जिला परिषद के 19 वार्डों के लिए 91 प्रत्याशी और पंचायत समिति के 98 वार्डों के लिए 696 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं, दौसा और हनुमानगढ़ में जिला परिषद के सबसे ज्यादा 24-24 वार्डों के लिए मतदान हो रहा है।



