दिग्गज गजल गायक तलत अजीज के मुंबई के जुहू स्थित डुप्लेक्स घर में शुक्रवार रात अचानक आग लग गई। धुएं से तलत अजीज, उनकी पत्नी, दोनों बेटों समेत पांच लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई और सभी को अस्पताल ले जाया गया। राहत की बात है कि इलाज के बाद सभी को छुट्टी मिल गई।
मुंबई। दिग्गज गजल गायक तलत अजीज के मुंबई के जुहू स्थित घर में शुक्रवार रात अचानक आग लग गई। आग के बाद डुप्लेक्स अपार्टमेंट में धुआं भर गया, जिससे तलत अजीज समेत परिवार के पांच लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई। सभी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। इलाज के बाद शनिवार को सभी को छुट्टी दे दी गई।
रात करीब 11 बजे लगी आग
रिपोर्ट के मुताबिक, पांच मंजिला इमारत में शुक्रवार रात करीब 10:56 बजे आग की सूचना मिली। शुरुआती जानकारी में आग ग्राउंड फ्लोर की इलेक्ट्रिकल वायरिंग और इंस्टॉलेशन से फैलने की बात सामने आई है। घर में रखा सोफा और स्प्लिट AC भी आग की चपेट में आ गया। मुंबई फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब एक घंटे के भीतर आग पर काबू पा लिया।
पड़ोसी ने खिड़की से बचाया
तलत अजीज के मुताबिक, आग उस समय लगी जब वह घर के निचले हिस्से में टीवी देख रहे थे और उनकी पत्नी बीना ऊपर थीं। उन्होंने बताया कि AC से चिंगारी निकलने के बाद आग तेजी से फैल गई और कुछ ही देर में घर धुएं से भर गया।
धुएं के बीच बीना ऊपर के बाथरूम में चली गईं और खिड़की से मदद के लिए आवाज लगाई। इसके बाद एक पड़ोसी सीढ़ी की मदद से खिड़की तक पहुंचा और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।
हारमोनियम और पेंटिंग्स भी जलीं
आग में घर का काफी सामान क्षतिग्रस्त हो गया। तलत अजीज ने बताया कि उनके कुछ हारमोनियम और पत्नी बीना की कई पेंटिंग्स भी जल गईं। उन्होंने कहा कि इन चीजों के नुकसान का दुख है, लेकिन परिवार के सुरक्षित बचने की सबसे ज्यादा खुशी है। घटना के बाद घर के रहने लायक होने तक परिवार के होटल में रहने की संभावना है।
आग लगने की वजह की जांच जारी
फिलहाल आग लगने की सटीक वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दमकल और संबंधित अधिकारी इलेक्ट्रिकल वायरिंग समेत अन्य हिस्सों की जांच कर रहे हैं। तलत अजीज ने पुलिस, फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और पड़ोसियों का समय पर मदद करने के लिए आभार जताया है।
गजल की दुनिया में खास पहचान
तलत अजीज गजल गायकी के जाने-माने नाम हैं। उन्होंने गायन के अलावा संगीत और अभिनय में भी काम किया है। ‘उमराव जान’, ‘बाजार’ और ‘डैडी’ जैसी फिल्मों के गीतों से उन्होंने अपनी खास पहचान बनाई। चार दशक से अधिक लंबे करियर में उन्होंने गजल और फिल्म संगीत की दुनिया में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।