नई दिल्ली। महात्मा गांधी की 157वीं जयंती पर देशभर में बापू को याद किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मौके पर लोगों से खादी अपनाने की अपील की। अपने वीडियो संदेश में उन्होंने स्वदेशी और खादी पर गांधी जी के ज़ोर को याद किया और कहा कि लोग 2 अक्टूबर को कम से कम एक खादी उत्पाद ज़रूर खरीदें और स्थानीय उत्पादों का साथ दें।
"बापू का जीवन प्रकाश स्तंभ"
प्रधानमंत्री ने कहा कि पूज्य बापू का पूरा जीवन सत्य, अहिंसा, करुणा और सेवा का प्रकाश स्तंभ है, जो हर युग में मानवता का मार्गदर्शन करता रहेगा।
राजघाट और विजय घाट पर श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री ने राजघाट पहुंचकर बापू को और विजय घाट पर पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शास्त्री जी के "जय जवान, जय किसान" के संदेश को भी याद किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राजघाट पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा में हिस्सा लिया। उपराष्ट्रपति, लोकसभा अध्यक्ष और कई केंद्रीय मंत्रियों ने भी श्रद्धांजलि दी।









