गाजीपुर के गंगा घाटों की सूरत बदलने वाली है। काशी की तर्ज पर गाजीपुर में भी गंगा किनारे घाट कॉरिडोर बनाया जाएगा। कलेक्टर घाट से चीतनाथ घाट तक करीब एक किलोमीटर के दायरे में कच्चे घाटों को पक्का किया जाएगा और सभी घाटों को आपस में जोड़ा जाएगा। इस परियोजना पर 5.40 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
जिला पर्यटन अधिकारी एके मौर्य ने बताया कि कलेक्टर घाट से चीतनाथ घाट तक गंगा घाटों को पक्का करने के प्रस्ताव को शासन से मंजूरी मिल गई है।

घाटों पर मिलेंगी ये सुविधाएं
- कच्चे हिस्सों को पक्का कर घाटों को आपस में जोड़ना
- शौचालय
- पीने के पानी की व्यवस्था
- रोशनी की व्यवस्था
- सौंदर्यीकरण और हरियाली
श्रद्धालुओं और पर्यटकों को फायदा
गाजीपुर के घाटों पर रोज बड़ी संख्या में लोग स्नान, पूजा और अंतिम संस्कार के लिए पहुंचते हैं। कई घाट अभी कच्चे हैं, जिससे बारिश और बाढ़ के बाद कीचड़ और फिसलन की समस्या रहती है। घाट पक्के और आपस में जुड़े होने से श्रद्धालु एक घाट से दूसरे घाट तक आसानी से आ-जा सकेंगे। छठ, कार्तिक पूर्णिमा और दूसरे पर्वों पर भीड़ संभालना भी आसान होगा।





