हैदरगंज (अयोध्या)। हैदरगंज थाना क्षेत्र के मलवां गांव में बुधवार रात एक बुजुर्ग की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। गांव के आदर्श जलाशय के पास रात करीब 8:30 बजे ग्रामीणों ने उन्हें बेसुध हालत में देखा। उनके शरीर का कुछ हिस्सा पानी में था।
अस्पताल में तोड़ा दम
ग्रामीण उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव के ही 60 वर्षीय केशवराम विश्वकर्मा के रूप में हुई है। वह जलाशय के पास चाय की छोटी दुकान चलाते थे। परिवार के पास करीब दो एकड़ खेती की जमीन है। उनके दो बेटे अमरजीत और कर्मजीत हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी वजह
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक अभी तक परिवार की ओर से कोई लिखित शिकायत (तहरीर) नहीं दी गई है। मौत किस वजह से हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।






