राजधानी जयपुर में झोटवाड़ा थाना पुलिस ने अपहरण कर 2 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने वाले गैंग के मुख्य मास्टरमाइंड शोएब हुसैन उर्फ मुन्ना को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।
चार आरोपी पहले ही पकड़े जा चुके
इस मामले में पुलिस गैंग के चार सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। मास्टरमाइंड के फरार होने से जांच अधूरी थी। अब शोएब उर्फ मुन्ना के पकड़े जाने के बाद पुलिस को उम्मीद है कि अपहरण की पूरी साजिश, उसमें शामिल लोगों की भूमिका और फिरौती की योजना से जुड़े सवालों के जवाब मिल सकेंगे।

हेड कांस्टेबल बलराम और मालीराम की अहम भूमिका
इस गिरफ्तारी में झोटवाड़ा थाने की स्पेशल टीम के हेड कांस्टेबल बलराम और मालीराम की अहम भूमिका रही। अधिकारियों के निर्देश के बाद दोनों जवान लगातार आरोपी की तलाश में जुटे रहे और आखिरकार उसे दबोचने में सफल रहे। गिरफ्तारी के बाद पुलिस अधिकारियों ने दोनों जवानों की मेहनत और उनके सूचना तंत्र की सराहना की।


