राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक मौलाना को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। मदरसे में पढ़ने आने वाली 18 साल की युवती से कथित तौर पर निकाह करने के आरोप में गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने कोर्ट परिसर में मौलाना की जमकर पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि मौलाना पहले से शादीशुदा है और तीन बच्चों का पिता भी है। घटना के दौरान पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में ही लोगों ने उस पर लात-घूंसे बरसाए। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मदरसे में पढ़ने आती थी 18 साल की युवती
जानकारी के मुताबिक, मामला जयपुर के जयसिंहपुरा खोर थाना क्षेत्र के नाई की थड़ी इलाके में स्थित एक मदरसे का है। पुलिस के अनुसार, यहां आसपास के क्षेत्रों की लड़कियां पढ़ने आती हैं। इसी मदरसे में मौलाना वकार अहमद पढ़ाता था।
आरोप है कि इसी दौरान उसकी पहचान मदरसे में पढ़ने आने वाली 18 वर्षीय युवती आयशा से हुई। युवती के परिजनों का आरोप है कि मौलाना ने उसे अपने प्रभाव में लेकर उसका ब्रेनवॉश किया और उससे निकाह कर लिया। बताया जा रहा है कि मौलाना पहले से शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे भी हैं।
परिजनों के विरोध के बावजूद युवती ने किया निकाह
परिजनों को जब इस निकाह की जानकारी मिली तो उन्होंने युवती को समझाने की कोशिश की। परिवार के लोगों ने उसे मौलाना की पहली शादी और तीन बच्चों के बारे में भी बताया, लेकिन युवती अपने फैसले पर कायम रही।
बताया जा रहा है कि युवती ने परिवार की सहमति के बिना मौलाना से निकाह कर लिया। इसके बाद परिजनों ने जयसिंहपुरा खोर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। युवती ने भी एक वीडियो जारी कर खुद को बालिग बताते हुए अपनी मर्जी से निकाह करने की बात कही थी।
थाने के बाहर प्रदर्शन, पुलिस ने किया गिरफ्तार
मामले की जानकारी सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई। शनिवार को बड़ी संख्या में लोग मौलाना के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस थाने पहुंच गए। बढ़ते विरोध को देखते हुए पुलिस ने मौलाना वकार अहमद को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।




