बुधवार, 14 अक्टूबर 2026
लोकतंत्र लाइव टीवी लोगो
ब्रेकिंग

मेरठ हत्याकांड: मुस्कान और साहिल को आज सुनाई जाएगी सजा, 6 साल की बेटी से मिलना चाहती है मां

मेरठ के चर्चित नीला ड्रम हत्याकांड में दोषी मुस्कान रस्तोगी और साहिल शुक्ला को आज, 14 अक्टूबर को जिला अदालत सजा सुनाएगी। दोनों को मुस्कान के पति सौरभ राजपूत की हत्या और शव को सीमेंट से भरे नीले ड्रम में छिपाने के मामले में 30 सितंबर को दोषी ठहराया गया था।

Pawan Kumar
Pawan Kumar

3 मिनट मेरठ

शेयर करें:
मेरठ हत्याकांड: मुस्कान और साहिल को आज सुनाई जाएगी सजा, 6 साल की बेटी से मिलना चाहती है मां
सौरभ हत्याकांड में दोषी ठहराए जाने के बाद सजा का इंतजार, मुस्कान ने जेल प्रशासन को पत्र लिखकर बेटी से मिलवाने की मांग की

मेरठ। चर्चित नीले ड्रम हत्याकांड में दोषी ठहराए गए मुस्कान और साहिल को आज जिला अदालत सजा सुना सकती है। दोनों मेरठ की चौधरी चरण सिंह जिला जेल में बंद हैं। इस मामले में अभियोजन पक्ष की ओर से दोनों के लिए फांसी की सजा की मांग की गई है। सजा के ऐलान से पहले मुस्कान ने जेल प्रशासन से अपनी छह साल की बेटी से एक बार मिलने की इच्छा जताई है।

 बेटी से मिलने के लिए मुस्कान ने लिखा पत्र

मिली जानकारी के मुताबिक, 30 सितंबर को दोषी करार दिए जाने के बाद मुस्कान ने 1 अक्टूबर को जेल प्रशासन से कहा था कि सजा सुनाए जाने से पहले वह अपनी छह साल की बेटी से मिलना चाहती है। बताया गया है कि उसकी बेटी फिलहाल अपने नाना-नानी के पास रह रही है।

जेल प्रशासन ने मुस्कान को बताया कि यदि उसके परिजन बेटी को साथ लेकर मुलाकात के लिए आते हैं, तो नियमानुसार मुलाकात कराई जा सकती है। इसके बाद मुस्कान ने पत्र लिखकर अपनी बेटी से मिलवाने का अनुरोध किया। खबर के मुताबिक, उसके माता-पिता अब तक उससे मिलने जेल नहीं पहुंचे हैं।

 जेल में दोनों बंदियों से नहीं कर रहे बातचीत

रिपोर्ट के अनुसार, मुस्कान और साहिल की सेहत ठीक है, लेकिन दोनों जेल के अन्य बंदियों से बातचीत नहीं कर रहे हैं। साहिल ने खेती-बाड़ी का काम भी फिलहाल बंद कर दिया है। बताया गया है कि उसने सजा सुनाए जाने के बाद दोबारा काम शुरू करने की बात कही है।

सजा से पहले जिला जेल से दोनों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत में पेशी हुई। जज ने दोनों से पूछा कि वे कुछ कहना चाहते हैं या नहीं। रिपोर्ट के मुताबिक, साहिल और मुस्कान दोनों ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। अब अदालत के फैसले का इंतजार है।

 क्या है नीले ड्रम वाला हत्याकांड?

यह मामला सौरभ की हत्या से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार, सौरभ की पत्नी मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल ने मिलकर उसकी हत्या की थी। आरोप था कि हत्या के बाद शव के टुकड़े करके उन्हें नीले ड्रम में रखा गया और सीमेंट से बंद कर दिया गया था। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर शव बरामद किया था।

बताया गया कि सौरभ विदेश में रहता था और छुट्टी लेकर पत्नी तथा बेटी का जन्मदिन मनाने भारत आया था। घटना के बाद मुस्कान अपनी बेटी को नाना-नानी के पास छोड़कर साहिल के साथ हिमाचल प्रदेश घूमने चली गई थी। लौटने पर उसने परिजनों को बताया कि सौरभ अचानक वापस चला गया है।

परिजनों के सवालों और बेटी की पिता से मिलने की जिद के बीच मामले को लेकर संदेह बढ़ा, जिसके बाद पुलिस जांच में हत्या का खुलासा हुआ।

 जेल में दूसरी बेटी को दिया जन्म

रिपोर्ट के मुताबिक, मुस्कान ने जेल में रहते हुए एक और बेटी को जन्म दिया है, जबकि उसकी छह साल की बेटी नाना-नानी के साथ रह रही है। अब सजा सुनाए जाने से पहले मुस्कान ने अपनी बड़ी बेटी से मिलने की इच्छा जताई है।

फिलहाल अदालत की ओर से सजा का अंतिम ऐलान किया जाना बाकी है। दोनों को दोषी ठहराया जा चुका है, लेकिन उन्हें कौन-सी सजा मिलेगी, इसका फैसला अदालत करेगी।

शेयर करें:

ये भी पढ़ें

और देखें →