उरई (जालौन)। हर घर नल से जल पहुंचाने के लिए गांवों में पाइपलाइन बिछाने के दौरान खोदी गई सड़कें लोगों के लिए परेशानी बनी हुई थीं। अब इन्हें ठीक करने के लिए जिले में 10 दिन का विशेष अभियान शुरू हुआ है। अभियान 2 से 10 अक्टूबर तक चलेगा।
1949 में से 1720 किमी सड़कें हो चुकी ठीक
जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए जिले में कुल 1949 किलोमीटर सड़कें खोदी गई थीं। इनमें से 1720 किलोमीटर सड़कों की मरम्मत हो चुकी है। अब बची हुई 229 किलोमीटर सड़कों को इस अभियान में ठीक किया जाएगा।
पहले चरण में इन गांवों में काम
पहले दिन गुढ़ा खुर्द, जमरोही कला, करौना, सिमरिया, छानी अहीर, इकौना, मिझौना, तगारेपुर और निबरखाना में एक साथ मरम्मत का काम शुरू किया गया। अभियान की निगरानी मुख्यालय स्तर से की जा रही है।









