शनिवार, 10 अक्टूबर 2026
लोकतंत्र लाइव टीवी लोगो
ब्रेकिंग

जौनपुर में खुले ट्रांसफॉर्मर और बिजली बॉक्स से हादसे का खतरा, 227 ट्रांसफॉर्मरों की फेंसिंग होगी दुरुस्त

जौनपुर शहर में खुले ट्रांसफॉर्मरों और बिजली के बॉक्स से हादसों का खतरा बना हुआ है। कई जगह सुरक्षा घेरा नहीं होने और फेंसिंग टूटने से लोगों की जान जोखिम में है। बिजली विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था सुधारने के लिए शहर के 227 ट्रांसफॉर्मरों की फेंसिंग दुरुस्त कराने की तैयारी की है।

P
Pawan Kumar

2 मिनट जौनपुर

शेयर करें:
जौनपुर में खुले ट्रांसफॉर्मर और बिजली बॉक्स से हादसे का खतरा, 227 ट्रांसफॉर्मरों की फेंसिंग होगी दुरुस्त
जौनपुर शहर में कई जगह खुले ट्रांसफॉर्मर और बिजली के बॉक्स लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं।

जौनपुर शहर में कई जगह खुले ट्रांसफॉर्मर और बिजली के बॉक्स लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं। बदलापुर पड़ाव, ईसापुर, सकरमंडी और किला रोड समेत कई इलाकों में विद्युत उपकरणों के आसपास सुरक्षा घेरा टूटा हुआ है या मौजूद नहीं है। ऐसे में किसी के अनजाने में इनके संपर्क में आने से गंभीर हादसा हो सकता है।

स्थानीय स्तर पर किए गए निरीक्षण में कई जगह ट्रांसफॉर्मरों की फेंसिंग टूटी मिली, जबकि जमीन के पास लगे कुछ बिजली बॉक्स खुले और क्षतिग्रस्त नजर आए। इन स्थानों से लोगों का लगातार आवागमन होता है। बारिश और नमी के दौरान ऐसे उपकरणों के आसपास अतिरिक्त सावधानी बरतना जरूरी है।

 227 ट्रांसफॉर्मरों की फेंसिंग का काम होगा शुरू

बिजली विभाग के एसी मनोज कुमार गुप्ता के मुताबिक, नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में 227 ऐसे ट्रांसफॉर्मर चिह्नित किए गए हैं, जिनकी फेंसिंग टूटी हुई है या लगी ही नहीं है। इसके लिए उच्चाधिकारियों से मंजूरी के बाद निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। उन्होंने बताया कि इसी सप्ताह इन स्थानों पर फेंसिंग का काम शुरू कराया जाएगा।

 444 बिजली बॉक्स पर लगाए जाएंगे कवर

विभागीय जानकारी के अनुसार, शहर में करीब 444 ऐसे विद्युत बॉक्स चिह्नित किए गए हैं, जिन्हें सुरक्षित कवर की जरूरत है। इनकी जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था को दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि बॉक्स के कवर तैयार हो चुके हैं और उन्हें लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। यह काम एक सप्ताह के भीतर या अधिकतम 10 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

 सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त होने का इंतजार

खुले ट्रांसफॉर्मर और बिजली बॉक्स के कारण राहगीरों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। खासकर बच्चों को ऐसे उपकरणों से दूर रखना जरूरी है। विभाग ने फेंसिंग और कवर लगाने का आश्वासन दिया है, लेकिन वास्तविक सुरक्षा तभी सुनिश्चित होगी, जब सभी चिन्हित स्थानों पर काम पूरा हो जाएगा। तब तक लोगों को खुले विद्युत उपकरणों से दूरी बनाए रखनी चाहिए और किसी भी खराबी की सूचना बिजली विभाग को देनी चाहिए।

शेयर करें:

ये भी पढ़ें

और देखें →