कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। वीर सावरकर के प्रपौत्र सत्यकी सावरकर ने सोनिया गांधी को कानूनी नोटिस भेजकर उनकी किताब Belonging: A Journey of Love में सावरकर से जुड़े तथ्यों पर आपत्ति जताई है। नोटिस में किताब के पेज नंबर 201 और 443 पर लिखी गई बातों को तथ्यात्मक रूप से गलत और सावरकर की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला बताया गया है। सत्यकी सावरकर ने सोनिया गांधी से बिना शर्त माफी, सार्वजनिक स्पष्टीकरण और विवादित अंशों में सुधार की मांग की है। साथ ही किताब के प्रकाशक हार्पर कॉलिन्स से भी भविष्य के संस्करणों में इन अंशों को हटाने या संशोधित करने को कहा गया है। सोनिया गांधी को जवाब देने के लिए 15 दिनों का समय दिया गया है। ऐसा नहीं होने पर सत्यकी सावरकर ने अदालत में मानहानि का मुकदमा दायर करने की चेतावनी दी है। इस मामले ने एक बार फिर सावरकर के इतिहास और राजनीतिक विचारधारा को लेकर सियासी बहस तेज कर दी है।