राजस्थान की राजधानी जयपुर में बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। शहर के पॉश इलाके वैशाली नगर में मंगलवार सुबह एक नकाबपोश बदमाश ने ज्वेलरी शोरूम को निशाना बनाकर दिनदहाड़े लाखों रुपये के गहने लूट लिए। बदमाश ग्राहक बनकर शोरूम में दाखिल हुआ और कुछ ही देर बाद चाकू निकालकर सिक्योरिटी गार्ड और महिला कर्मचारी को धमकाने लगा। इसके बाद उसने महिला कर्मचारी से डिस्प्ले काउंटर में रखे गहने बैग में भरवाए और मौके से फरार हो गया। लूट की पूरी वारदात शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
ग्राहक बनकर शोरूम में घुसा बदमाश
जानकारी के मुताबिक, यह वारदात जयपुर के वैशाली नगर स्थित वैशाली मार्ग पर सीरियस ज्वेलर्स शोरूम में हुई। मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे एक बदमाश ग्राहक बनकर शोरूम में पहुंचा। शुरुआत में किसी को उस पर शक नहीं हुआ, लेकिन अंदर पहुंचते ही उसने अचानक चाकू निकाल लिया और सिक्योरिटी गार्ड महावीर गुप्ता को धमकाकर अपने कब्जे में ले लिया।
इसके बाद बदमाश ने वहां मौजूद महिला कर्मचारी अंजलि को चाकू दिखाकर गहने निकालने के लिए कहा। उसने कर्मचारी को महज एक मिनट का समय दिया और जल्दी सामान निकालने की धमकी दी। महिला कर्मचारी ने विरोध करने की कोशिश भी की, लेकिन हथियार के डर से उसे बदमाश की बात माननी पड़ी।
7 हीरे के हार और 31 अंगूठियां लेकर फरार
शोरूम मालिक सार्थक शर्मा के मुताबिक, बदमाश करीब 7 डायमंड नेकलेस और 31 डायमंड रिंग लूटकर ले गया। एक डायमंड हार की कीमत लगभग 4 लाख रुपये और एक अंगूठी की कीमत करीब 1 लाख रुपये बताई गई है। इस हिसाब से चोरी हुए गहनों की कुल कीमत लगभग 59 लाख रुपये आंकी गई है।
हालांकि, कुछ अन्य मीडिया रिपोर्टों में लूटे गए सामान की कीमत सवा करोड़ रुपये तक बताई गई है। शुरुआती रिपोर्टों में रकम को लेकर अंतर सामने आया है।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
लूट के दौरान महिला कर्मचारी बदमाश से लगातार गहने नहीं ले जाने की गुहार लगाती रही। उसने शोरूम के बाहर से गुजर रहे लोगों का ध्यान आकर्षित करने के लिए हाथों से इशारा करके मदद मांगने की कोशिश भी की, लेकिन किसी की नजर उस पर नहीं पड़ी।




