राजस्थान के जोधपुर में एक मां की हिम्मत और साहस की हर तरफ चर्चा हो रही है। दिवाली के मौके पर बेटी के साथ कथित छेड़छाड़ करने वाले युवक को मां ने खुद पकड़ लिया और उसे पुलिस थाने तक ले गई। घटना शहर के जालोरी गेट चौराहे की बताई जा रही है। इस दौरान महिला ने आरोपी युवक को जमकर फटकार लगाई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सेल्फी ले रही बेटी के साथ की छेड़छाड़
जानकारी के मुताबिक, दिवाली के दिन शहर में रोशनी और सजावट देखने के लिए एक परिवार घर से बाहर निकला था। इसी दौरान जालोरी गेट चौराहे पर युवती सेल्फी ले रही थी। आरोप है कि तभी एक युवक ने उसके साथ छेड़छाड़ की और उस पर पटाखे फेंके।
युवक की इस हरकत को देखकर युवती की मां का गुस्सा भड़क गया। उन्होंने बिना देर किए युवक को पकड़ लिया और उसका विरोध करना शुरू कर दिया। मां ने आरोपी को मौके से भागने नहीं दिया और खुद उसे पकड़कर पुलिस थाने पहुंच गईं।
'त्योहार मनाओ, आवारागर्दी मत करो'
घटना के बाद युवती की मां का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें महिला काफी गुस्से में दिखाई दे रही हैं। उन्होंने जोधपुर के युवाओं को चेतावनी देते हुए कहा कि त्योहार मनाओ, लेकिन आवारागर्दी मत करो।
महिला ने शहर में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई। उनका कहना था कि अपने ही शहर में बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। महिला का यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
महिला द्वारा युवक को थाने ले जाने के बाद मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल घटना की जांच की जा रही है।
मां के साहस की हो रही तारीफ
इस घटना में सबसे ज्यादा चर्चा उस मां की हिम्मत की हो रही है, जिन्होंने बेटी के साथ हुई कथित अभद्रता पर चुप रहने के बजाय खुद मोर्चा संभाला। सोशल मीडिया पर लोग महिला के साहस की तारीफ कर रहे हैं।



