कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ
प्रेस विज्ञप्ति दिनांक 30.09.2026
राजकीय बालिका इण्टर कालेज गोमती नगर लखनऊ में न्यायिक अधिकारियों द्वारा बच्चों को पाक्सो कानून के प्रति जागरूक किया गया।
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के तत्वावधान में आज दिनांक 30.09.2026 को राजकीय बालिका इण्टर कालेज, गोमती नगर, लखनऊ में माननीय सदस्य सचिव डा0 श्रीमती मनु कालिया की अध्यक्षता में विशेष जागरूकता शिविर आयोजित कर छात्राओं को पॉक्सो (POCSO - लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम) कानून की विस्तृत जानकारी दी गयी। उक्त शिविर में श्री संतोष कुमार सचिव उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, श्री विनय सिंह विशेष कार्याधिकारी, उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, श्रीमती शालिन मिश्रा उप सचिव उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, प्रधानाचार्य श्रीमती पूनम नौटियाल, निताशा सिन्हा प्रवक्ता, नीलिमा सिंह एवं डा0 ज्योत्सना सिंह सहित समस्त शिक्षिकायें, पराविधिक स्वयं सेवक आदि उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य द्वारा समस्त न्यायिक अधिकारियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।


सदस्य सचिव, डा0 श्रीमती मनु कालिया ने बताया कि इस विशेष जागरूकता शिविर का मुख्य उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित परिवेश प्रदान करना और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाना है। उन्होने सरल और सुबोध भाषा में बच्चों को "गुड टच और बैड टच" के अंतर को समझाया साथ ही, बच्चों को यह भी बताया कि किसी भी अप्रिय या असहज स्थिति में वे बिना किसी डर के अपने माता-पिता, शिक्षकों या सीधे अधिकारियों से शिकायत कैसे दर्ज करा सकते हैं।
श्री विनय सिंह विशेष कार्याधिकारी ने पाक्सो-2012 के प्रमुख प्रावधानों, बच्चों के अधिकारों, महिला एवं बाल संरक्षण से सम्बन्धित कानूनी व्यवस्थाओं तथा कानून का उल्लंघन करने पर होने वाले कानूनी परिणामों के बारे में जागरूक किया।
श्री संतोष सिंह, सचिव द्वारा बताया गया कि आज के समय में बच्चों को कानून की बुनियादी जानकारी होना अत्यंत आवश्यक है। कई बार जागरूकता के अभाव में बच्चे शोषण का शिकार हो जाते हैं और डर या संकोच वश किसी को बता नहीं पाते। यह अभियान बच्चों के मन से उस डर को दूर करने और उनमें आत्मविश्वास जगाने का काम करेगा। शिविरों में बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 और पॉक्सो कानून के तहत मिलने वाली कानूनी सुरक्षा व सहायता के बारे में जागरूक किया गया।


कार्यक्रम के संवाद सत्र में विद्यालय की छात्राओं एवं शिक्षिकाओं के द्वारा पाक्सो एक्ट से संबंधित कई प्रश्न पूछे गये जिसका समाधान समस्त न्यायिक अधिकारियों द्वारा विस्तार से किया गया। डा0 मुन कालिया सदस्य सचिव द्वारा अपने अनुभवों के साथ साथ कई महत्वपूर्ण न्यायिक निर्णयों की चर्चा करते हुये छात्राओं को निर्भीक होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी एवं उन्हे सम्मानित किया गया।
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ ने स्कूल के प्राधानाचाय और शिक्षिकाओं से अपील की है कि वे इस संवेदनशील विषय पर बच्चों को जागरूक करने में सक्रिय भूमिका निभाएं ताकि एक सुरक्षित और अपराध मुक्त समाज का निर्माण किया जा सके।