कौन बनेगा करोड़पति’ के मंच पर माधुरी दीक्षित ने फिल्म ‘देवदास’ की पारो का अंदाज दोहराकर अमिताभ बच्चन को प्रभावित कर दिया। माधुरी के इस खास लुक और अभिनय ने शो में पुरानी यादें ताजा कर दीं और दर्शकों का भी ध्यान खींचा।
मुंबई। ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के बर्थडे वीक में दर्शकों को एक खास सरप्राइज देखने को मिलेगा। ‘कौन होनार करोड़पति’ की होस्ट **माधुरी दीक्षित** इस बार KBC में कंटेस्टेंट के तौर पर नजर आएंगी। शो के नए प्रोमो में माधुरी अपनी सुपरहिट फिल्म ‘देवदास’** की ‘पारो’ के किरदार में नजर आईं और अपने अंदाज से अमिताभ बच्चन समेत वहां मौजूद दर्शकों का दिल जीत लिया।
‘काहे छेड़ मोहे’ पर माधुरी का शानदार अंदाज
प्रोमो में अमिताभ बच्चन कंप्यूटर से माधुरी के लिए गाना बजाने के लिए कहते हैं। इसके बाद गुलाबी साड़ी में सजी माधुरी अपनी सीट पर बैठे-बैठे ही ‘काहे छेड़ मोहे’ गाने पर ‘पारो’ के अंदाज में परफॉर्म करती हैं।
माधुरी की अदाएं देखकर अमिताभ बच्चन काफी प्रभावित नजर आते हैं। ऑडियंस के चीयर करने के बीच वह तालियां बजाते हुए कहते हैं, ‘क्या बात है! कमाल है, कमाल है, माधुरी जी।’ प्रोमो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी फैंस इस खास एपिसोड को लेकर उत्साहित नजर आ रहे हैं।
अमिताभ बच्चन का बिजी शेड्यूल
अमिताभ बच्चन इन दिनों ‘कौन बनेगा करोड़पति सीजन 18’ की शूटिंग और प्रसारण में व्यस्त हैं। हाल ही में शो में उन्होंने बताया था कि शूटिंग के दौरान फिसलने से उनके घुटने में चोट लग गई थी। इसके बावजूद वह अपने काम को जारी रखे हुए हैं।
वर्कफ्रंट की बात करें तो अमिताभ बच्चन हाल ही में ‘कल्कि 2898 AD’ में नजर आए थे। अब वह फिल्म के सीक्वल में प्रभास और कमल हासन के साथ दिखाई देंगे।
नींद के लिए भी समय निकालना मुश्किल
अमिताभ बच्चन ने हाल ही में अपने ब्लॉग में अपने व्यस्त शेड्यूल का जिक्र करते हुए बताया कि उन्हें पर्याप्त नींद लेने के लिए भी समय निकालना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने लिखा कि रात की नींद शरीर के लिए जरूरी है, लेकिन उनके बिजी शेड्यूल के बीच इसके लिए समय निकालना चुनौती बन गया है।
फिलहाल KBC के बर्थडे वीक में माधुरी दीक्षित की ‘पारो’ वाली परफॉर्मेंस दर्शकों के लिए खास आकर्षण बनी हुई है।