**‘नई नवेली’ की कॉमेडी के पीछे छिपा है बड़ा मैसेज, आनंद एल राय बोले- सिर्फ ‘डायन’ शब्द की बात नहीं**
यामी गौतम की अपकमिंग फिल्म ‘नई नवेली’ इन दिनों चर्चा में है। बालाजी मोहन के निर्देशन में बनी इस फिल्म को आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा ने प्रोड्यूस किया है। हाल ही में फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया गया, जिसे दर्शकों की ओर से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। ट्रेलर लॉन्च के दौरान फिल्म के कंटेंट और इसके सामाजिक संदेश को लेकर आनंद एल. राय ने भी खुलकर बात की।
आनंद एल. राय से जब पूछा गया कि क्या समाज में अपनी बात खुलकर रखने वाली या प्रभावशाली महिलाओं को अक्सर ‘डायन’ जैसे टैग दे दिए जाते हैं और फिल्म इस सोच को किस तरह पेश करती है, तो उन्होंने कहा कि किसी फिल्म में सिर्फ पर्दे पर दिखाई देने वाली कहानी ही महत्वपूर्ण नहीं होती, बल्कि उसके पीछे लेखकों की सोच भी होती है। उनके मुताबिक, लेखक केवल दर्शकों को हंसाने के लिए कॉमेडी नहीं लिखते, बल्कि उसके पीछे एक गहरी बात भी रखी जाती है।



