Shamli News: सुबह की पहली किरण के साथ ही शामली के आसमान से बरसने लगी मूसलाधार बारिश ने शहर के जनजीवन को थाम सा दिया। सुबह पाँच बजे से शुरू हुआ पानी का सिलसिला दोपहर तक थमता नहीं दिखा। देखते ही देखते दो दर्जन से अधिक मोहल्लों और 500 से अधिक घरों में तीन से चार फीट तक पानी भर गया।
घर का सामान पानी में डूबकर खराब हो गया। बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएँ जलभराव में फँसे रहे। सुबह के समय जब बच्चे स्कूल जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी हालात बिगड़ते चले गए। रॉक गोल्ड एकेडमी की वैन, जिसमें बच्चे और एक अध्यापिका मौजूद थीं, तीन से चार फीट पानी में फँस गई। जैन कॉलेज बनत की वैन भी बच्चों और शिक्षकों समेत एक घंटे से अधिक समय तक पानी में अटकी रही। पानी के दबाव के आगे बचाव के प्रयास नाकाम रहे और बच्चों को वापस घर लौटाना पड़ा।
व्यापारियों को हुआ भारी नुकसान
शहर के नेहरू मार्केट और कैराना रोड जैसे प्रमुख बाजार भी पानी में डूब गए। दुकानों में घुसा पानी करोड़ों रुपये का नुकसान कर गया। व्यापारी अपने भीगे माल को बचाने में जुटे रहे। कई दुकानदारों ने बताया कि उन्होंने बारिश से बचाव की तैयारी की थी, पर नालों की सफाई न होने से सारी मेहनत बेकार हो गई।




