बरसात के बाद मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसे देखते हुए सिद्धार्थनगर जिले में संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू कर दिया गया है। यह अभियान 1 से 31 अक्टूबर तक चलेगा। विकास भवन में कपिलवस्तु के विधायक श्यामधनी राही और जिलाधिकारी ने प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह भी मौजूद रहे।
अभियान में स्वास्थ्य विभाग के साथ पंचायती राज, बेसिक और माध्यमिक शिक्षा, पशुपालन, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, आईसीडीएस, कृषि, नगर विकास, उद्यान और सूचना विभाग भी मिलकर काम करेंगे।

पहला चरण: सफाई और मच्छरों पर वार (1-31 अक्टूबर)
- गांवों और शहरों में नालियों की सफाई
- झाड़ियों की कटाई
- जलभराव खत्म करना
- मच्छरों के पनपने की जगहों की पहचान
- लोगों को बीमारी से बचाव के लिए जागरूक करना
दूसरा चरण: घर-घर दस्तक (12-31 अक्टूबर)
12 अक्टूबर से आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाएंगी। वे बुखार के मरीजों, टीबी के लक्षण वाले लोगों और कुपोषित बच्चों की पहचान करेंगी और उन्हें इलाज और सरकारी सेवाओं से जोड़ेंगी। सांस की बीमारियों (ILI और SARI) के मरीजों पर भी नजर रखी जाएगी।






