**सुशांत सिंह राजपूत की ‘एमएस धोनी’ को 10 साल, यादगार बन गया था धोनी का किरदार**

  1. 30 सितंबर 2016 को रिलीज हुई ‘एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ ने सुशांत सिंह राजपूत के करियर में एक खास मुकाम हासिल किया था। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की जिंदगी पर आधारित इस फिल्म में सुशांत ने धोनी का किरदार निभाया था। नीरज पांडे के निर्देशन में बनी इस स्पोर्ट्स बायोपिक को दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला और सुशांत की एक्टिंग की जमकर तारीफ हुई।

धोनी के किरदार में खुद को ढालने के लिए सुशांत ने लंबे समय तक क्रिकेट की ट्रेनिंग ली। पूर्व विकेटकीपिंग कोच किरण मोरे के मार्गदर्शन में उन्होंने घंटों प्रैक्टिस की और धोनी के बल्लेबाजी अंदाज, खासकर हेलीकॉप्टर शॉट को सीखने पर काफी मेहनत की। फिल्म की रिलीज के वक्त सुशांत की एंट्री और क्रिकेट सीक्वेंस पर सिनेमाघरों में दर्शकों की जबरदस्त प्रतिक्रिया देखने को मिली।

फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर भी शानदार प्रदर्शन किया। रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 104 करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म ने भारत में 133 करोड़ रुपये से ज्यादा और दुनियाभर में 215 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया। सुशांत के साथ दिशा पटानी, कियारा आडवाणी और अनुपम खेर भी अहम भूमिकाओं में नजर आए। रिलीज के 10 साल बाद भी ‘एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’सुशांत सिंह राजपूत की सबसे यादगार फिल्मों में गिनी जाती है।