मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
लोकतंत्र लाइव टीवी लोगो
ब्रेकिंग

वाराणसी में 22, 24 और 25 अक्टूबर को मेगा एयर शो, नमो घाट पर बन रहा अस्थायी ATC टावर

वाराणसी के नमो घाट पर 22, 24 और 25 अक्टूबर को भारतीय वायुसेना का मेगा एयर शो आयोजित होगा। इसकी तैयारियों के तहत पहली बार एयरपोर्ट के बाहर अस्थायी एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) टावर बनाया जा रहा है, जिसे करीब आठ मीटर ऊंचा और दो मंजिला बनाया जाएगा।

P
Pawan Kumar

2 मिनट वाराणसी।

शेयर करें:
वाराणसी में 22, 24 और 25 अक्टूबर को मेगा एयर शो, नमो घाट पर बन रहा अस्थायी ATC टावर
काशी के नमो घाट पर 22, 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाले मेगा एयर शो की तैयारियां तेज हो गई हैं।

वाराणसी। काशी के नमो घाट पर 22, 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाले मेगा एयर शो की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार एयर शो के दौरान हवाई गतिविधियों को नियंत्रित करने के लिए नमो घाट पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) का अस्थायी केंद्र बनाया जा रहा है। खास बात यह है कि पहली बार एयर शो के लिए एयरपोर्ट से बाहर ATC टावर तैयार किया जा रहा है। इसकी जिम्मेदारी भारतीय वायुसेना संभालेगी।

 2,500 वर्गफीट में बनेगा अस्थायी ATC सेंटर

नमो घाट पर करीब 2,500 वर्गफीट क्षेत्र में अस्थायी एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर का निर्माण कराया जा रहा है। दो मंजिला इस टावर की ऊंचाई लगभग आठ मीटर होगी। निर्माण के लिए करीब 50×50 वर्गफीट का क्षेत्र निर्धारित किया गया है। टावर लोहे की ग्रिल से तैयार किया जा रहा है और इसके चारों ओर वाटरप्रूफ पर्दे लगाए जाएंगे। भवन के बाहर प्लेटफॉर्म और सीढ़ियां भी बनाई जाएंगी।

निर्माण कार्य की जिम्मेदारी दिल्ली की कंपनी एक्सिस को दी गई है। अधिकारियों के मुताबिक, निर्माण एक सप्ताह में पूरा करने का लक्ष्य है। एयर शो के दौरान यह केंद्र विमानों की आवाजाही और हवाई गतिविधियों के समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

 नमो घाट तक बनाए जा रहे दो विशेष रास्ते

एयर शो के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विशिष्ट अतिथियों और आम लोगों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के लिए नमो घाट की ओर दो विशेष पक्के रास्ते तैयार किए जा रहे हैं। इनमें से एक रास्ता वसंत महिला महाविद्यालय की ओर से हेलीपैड तक बनाया जा चुका है। दूसरा रास्ता लाल खां के रौजा के पास से नमो घाट फेस-2 तक तैयार किया जा रहा है।

 टेलीकॉम कंपनियां साझा करेंगी नेटवर्क

एयर शो के दौरान बेहतर संचार व्यवस्था बनाए रखने के लिए एयरफोर्स के अधिकारियों ने टेलीकॉम कंपनियों के साथ बैठक भी की है। इसमें एयरटेल, वीआई और जियो जैसी कंपनियों के नेटवर्क और विशेष फ्रीक्वेंसी साझा करने को लेकर चर्चा हुई। इसका उद्देश्य कार्यक्रम के दौरान संचार व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है।

नमो घाट पर ATC टावर, विशेष रास्तों और संचार व्यवस्था की तैयारियों से साफ है कि आयोजन को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने पर जोर दिया जा रहा है। अब सभी की नजरें 22 अक्टूबर से शुरू होने वाले मेगा एयर शो पर हैं।

शेयर करें:

ये भी पढ़ें

और देखें →