वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज के शिष्य की मौत का मामला और उलझता जा रहा है। 25 वर्षीय दीपक लोधी उर्फ रसिक दुलारीशरण की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद कई नए सवाल खड़े हो गए हैं। दीपक ने 25 सितंबर की सुबह करीब 10:30 बजे वृंदावन के गुरु कृपा कुंज आश्रम की चौथी मंजिल से छलांग लगा दी थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह मौत से पहले लगी चोटों से अत्यधिक खून बहना और हेमरेजिक शॉक बताई गई है। रिपोर्ट में शरीर पर कई गंभीर चोटें दर्ज हैं।

रिपोर्ट में क्या मिला
- सिर में गहरा घाव, जिस पर 14 टांके लगे थे
- होंठ और ठुड्डी पर चोट
- दोनों टखनों में फ्रैक्चर
- सिर के पिछले हिस्से में खून का थक्का और बारीक फ्रैक्चर
- बाईं ओर की पांचवीं से आठवीं पसली तक टूटी, बायां फेफड़ा फटा
- निजी अंग के पास एक घाव पर पांच टांके
टांके किसने और कब लगाए?
सबसे बड़ा सवाल निजी अंग के पास लगे पांच टांकों को लेकर है। अस्पताल के इलाज के रिकॉर्ड में इसका कोई जिक्र नहीं है। ऐसे में यह साफ नहीं है कि यह घाव कब लगा और उस पर टांके किसने लगाए। इसी को देखते हुए पुलिस ने यौन उत्पीड़न के पहलू से भी जांच शुरू की है।








